File Photo
File Photo

Loading

लाखांदूर. ग्रीष्मकालीन धान कटाई के लिए मजदूरी पर अन्य किसान के खेत पर गई एक महिला मजदूर पर धान फसल में छिपे जंगली सुअर ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी करने की घटना हुई. उक्त घटना 13 मई को दोपहर 1:30 बजे के दौरान तहसील के कन्हालगांव खेत क्षेत्र में घटी. इस घटना में स्थानीय कन्हालगांव निवासी कोमल ढोरे (28) नामक महिला मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हुई है. 

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के दिन सुबह के दौरान पीड़ित महिला मजदूर गांव के ही अन्य कुछ महिला मजदूरों के साथ कन्हालगांव निवासी भोजराज गजभीये नामक किसान के मालिकी खेत पर ग्रीष्मकालीन धान कटाई के लिए मजदूरी पर गई थी. हालांकि खेत में अन्य महिला मजदूरों के साथ धान फसल की कटाई कर रही पीड़िता पर अचानक धान फसल में छिपे जंगली सुअर ने हमला बोल दिया.

इस हमले में पीड़ित महिला मजदूर गंभीर रूप से जख्मी होने पर अन्य महिला मजदूरों ने शोर मचाकर जंगली सुअर को भगाया. जबकि जंगली सुअर के हमले में जख्मी महिला मजदूर को इलाज के लिए तुरंत लाखांदूर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया.

इस घटना की जानकारी स्थानीय लाखांदूर वन विभाग को मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश गावित के मार्गदर्शन में क्षेत्र सहायक आय. जी. निर्वाण व वनरक्षक आर. एस. भोगे ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा किया है. इस घटना में पीड़ित महिला मजदूर सहित ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है.