buldhana-shinde

Loading

नई दिल्ली/नागपुर. महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुए भीषण सड़क हादसे में जहां 26 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस हादसे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बुलढाणा पहुचे। वहीं बुलढाणा बस हादसे पर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि , “पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को अपने हिरासत में ले लिया है।”

क्या है हादसा 

जानकारी दें कि, महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से 26 यात्रियों की झुलस कर मौत हो गई जबकि 7 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले पर पुलिस ने बताया कि एक निजी ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे बस डिवाइडर से टकरा गई और इसमें आग लग गई। 

शिंदे-फड़णवीस दुर्घटनास्थल पहुंचे

उधर महाराष्ट्र के मुख्यमत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर अब से कुछ देर पहले दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। इसके पहले घटना पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि, समृद्धि महामार्ग पर एक बड़ी घटना हुई है। एक प्राइवेट बस पुल से टकरा गई, जिससे डीजल की टंकी फूटने से उसमें आग लग गई। हादसे में 25 लोगों की जलने से मौत हो गई। मैं और मुख्यमंत्री शिंदे घटनास्थल पर जा रहे हैं। घटना के कारणों की हम जांच कर रहे हैं।  उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल है, पहचान नहीं हो पाने की स्थिति में डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।

अब समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर लगेगा ‘स्मार्ट सिस्टम’

उन्होंने संवाददाताओं से यह भी कहा था कि, समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए एक ‘स्मार्ट सिस्टम’ स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह ‘सिस्टम’ वाहनों की गति की जांच कर उन्हें सचेत करेगा। हालांकि, इसमें कुछ समय लगेगा। तब तक, हमें टोल बूथ पर वाहन चालकों के बीच जागरूकता पैदा करनी होगी कि रात में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।”  

अजित पवार का बड़ा आरोप 

इस बाबत शरद पवार ने कहा था कि, उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं को लेकर पिछले हफ्ते ही चिंता व्यक्त की थी। तो वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने कहा कि इस बस दुर्घटना से वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण की खराब गुणवत्ता और मानवीय त्रुटियों के कारण एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है।  

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है।