Nana Patole Dissatisfaction

Loading

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई: महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के खिलाफ स्थानीय नेताओं का असंतोष फूट रहा है। सूत्रों के मुताबिक करीब एक दर्जन नेताओं ने गुप्त बैठक की। इसके बाद इन नेताओं ने अपनी बात को पार्टी आलाकमान तक पहुंचाने के लिए दिल्ली का रुख किया है। हालांकि पटोले समर्थक एक नेता ने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र है और सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन यहां बड़ी नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। कुछ नेताओं के मनमुताबिक फैसले नहीं लिए जाते हैं तो नाराजगी स्वाभाविक है, लेकिन हमारी कोशिश मेरिट के आधार पर लोकसभा चुनाव लड़ने की है। 

भिवंडी सीट की डिमांड
सूत्रों के मुताबिक पूरा विवाद भिवंडी लोकसभा सीट को लेकर है। इस सीट पर स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने अपना दावा ठोका है। जबकि शरद पवार की राकां भी यहां से दावेदारी पेश की है। भिवंडी कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि इस सीट पर दावेदारी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले का पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है। इस वजह से राकां का पलड़ा भारी हो रहा है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि हमलोगों ने यहां पर अच्छा काम किया है और इस सीट से हमारी दावेदारी बनती है, लेकिन इस काम में प्रदेश अध्यक्ष का सहयोग नहीं मिल रहा है। 

दयानंद ने उठाई आवाज़
नाना पटोले के खिलाफ पार्टी आलाकमान से शिकायत करने वाले नेताओं में भिवंडी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दयानंद चोरघे का नाम सामने आ रहा है। इसके अलावा कुछ और नेताओं ने भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन नेताओं का आरोप है कि पटोले सभी नेताओं के साथ समन्वय से काम नहीं कर रहे हैं। वर्तमान में भिवंडी लोकसभा सीट से बीजेपी के कपिल पाटिल सांसद हैं।