मकर संक्रांति: घर घर उत्साह, तीर्थस्थलों पर लगा मेला

    Loading

    गोंदिया. शहर सहित जिले में मकर संक्रांति का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. मकर संक्रांति का पर्व दो दिन 14 जनवरी और 15 जनवरी को मनाया गया. संक्रांति की पूर्व संध्या पर लोग जमकर खरीदारी करते दिखाई दिए. महिलाएं भी श्रृंगार सामग्री खरीद रही हैं. मकर संक्रांति पर्व पर तरह-तरह की पतंगें उडाकर पतंगबाजी का लोगों ने आनंद लिया.

    ‘तिलगुळ घ्या, गोड गोड बोला’ कहते हुए  स्नेह संबंध वृध्दिंगत करने वाले मकर संक्रांति त्योहार  घर-घर में उत्साह के साथ मनाया गया.  इसके लिए खास तैयारी की गई.  साल का पहला पर्व होने के कारण इस अवसर पर हर तरफ उत्साह की लहर दिखाई दी. मंदिरों को भी फूलों और रोशनी से सजाया गया. इस अवसर पर मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए जहां श्रध्दालुओं ने मंदिरों में जाकर दर्शन किए. संक्रांति के मौके पर घरों में विधि-विधान से पूजा-पाठ के साथ-साथ पंचपकवानों के आयोजन के साथ  साल का पहला पर्व पूरे परिवार के साथ मनाया गया. मकर संक्रांति साल का सबसे महत्वपूर्ण पर्व होता है.

    इस महत्वपूर्ण पर्व पर एक दूसरे को तिलगुल देकर शुभकामनाएं दी गई. इस दौरान भोगी पर्व भी मनाया गया. घरों में  पारंपरिक रूप से पूजा की गई. भोगी के मौके पर रौनक और उल्लास देखा गया. मंदिरों में दर्शन के लिए भीड़ देखी गई. लोगों ने  देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि और जीवन शक्ति की कामना की. 

    लगाई आस्था की डुबकी

    मकर संक्रांति पर जिले के विभिन्न धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर यात्रा व मेले लगे.  इसमें गोंदिया तहसील के  बिरसोला संगम घाट,  रजेगांवघाट, पिंकडेपार, पांगडी, पोंगेझरा, केरझरा, गडमाता पहाडी, बम्लेश्वरी मंदिर, आमगांव तहसील के ननसरी मुंडीपार, गोरेगांव तहसील के कटंगी मध्यम प्रकल्प व मांडोदेवी देवस्थान, तिरोड़ा तहसील के काशीघाट, करटी में नदी किनारे रुख्मिनी मंदिर, चुरडी नाला, सड़क अर्जुनी तहसील के हलदीघाट, मालाबाई जुंगादादा देवस्थान, अर्जुनी मोरगांव तहसील के नवेगांवबांध तालाब, इंजिरी बोंडगांव आदि स्थानों में यात्रा का आयोजन किया गया.

    जहां श्रध्दालुओं की भीड दिखाई दी. वहीं जिले के विभिन्न नदी घाटों पर  आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. सातपुड़ा पर्वत श्रंखला के बीच बसे चांदपुर में जागृत हनुमान देवस्थान में मकर संक्रांति पर आयोजित मेले में इस जिले से भी बड़ी संख्या में श्रध्दालु दर्शन के लिए गए.