Crime

    Loading

    धुलिया : शहर के जमनागिरी इलाके के बजरंग चौक स्थित एक घर में 35 वर्षीय महिला की लाश मिलने से शहर में हड़कंप मच गया है। जमनागिरी इलाके (Jamnagiri Area) के बजरंग चौक में पुलिस के सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर काशीनाथ नागरले के घर में किराएदार के रूप में रहने वाला विनोद उर्फ बादल सोहिके और नीता गांगुर्डे एक साथ रहते थे। चरित्र (Character) पर संदेह के कारण दोनों में हमेशा झगड़े होते थे। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि विनोद उर्फ बादल सोहिके ने बीती रात दोनों के बीच बहस के चलते नीता की गला दबा कर हत्या (Murder) कर दी। 

    घर के सामने रहने वाली एक लड़की जब नीता सोहिके को यह बताने गई कि जमनागिरी इलाके में पानी नहीं आएगा। इसी दौरान उसने नीता सोहिके का शव देखा, शव देखकर वह डर गई, उसने तुरंत आसपास के लोगों को इस संबंध में जानकारी दी। घटना की जानकारी होने पर आसपास के इलाके के लोग मौके पर जमा हो गए। आसपास के लोगों ने बताया कि विनोद उर्फ बादल किसी न किसी वजह से नीता को पीटता था। लोगों का कहना है कि बीती रात भी विनोद ने नीता के चरित्र पर शक होने पर उसकी पिटाई की थी। 

    शव को गवर्नमेंट कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

    विनोद सोहिके धुलिया महानगरपालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं, वहीं क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि वह ड्यूटी के बाद रिक्शा चलाता था।  घटना की जानकारी मिलते ही मंडल पुलिस उपाधीक्षक ऋषिकेश रेड्डी, धुलिया शहर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक आनंद कोकरे सहित शहर पुलिस स्टेशन की फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को गवर्नमेंट कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। संदिग्ध आरोपी विनोद उर्फ बादल सोहिके फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।