कोल्हापुर में 4.5 हजार करोड़ की विकास योजनाएं, सीएम बोले- 2 करोड़ महिलाओं का बदला जीवन

Loading

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
कोल्हापुर: राज्य में मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण मिशन के तहत 2 करोड़ महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है। ऐसा मत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने व्यक्त किया। शुक्रवार को कोल्हापुर जिले के हातकनंगले तालुका के कोरोची में आयोजित महिला सबलीकरण की एक सभा में सीएम बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 हजार 500 गांवों, 295 शहरों में 1 लाख 65 हजार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 20 लाख महिलाओं को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, महारानी ताराबाई ने अपनी अतुलनीय वीरता से अपनी बहनों की रक्षा की। अहिल्याबाई होल्कर ने सार्वजनिक सेवा में आदर्श कायम कर अपनी पहचान बनाई, जबकि सावित्रीबाई ने महिला शिक्षा की नींव रखी और हमें उनके उत्तराधिकारी होने पर गर्व है। अब महिलाएं हर क्षेत्र में मजबूती से खड़ी हैं। सरकार ने महिला नीति की भी घोषणा कर दी है। आंगनवाड़ी एवं सहायिकाओं के रिक्त पद भरे जा रहे हैं। उनके वेतन वृद्धि के साथ-साथ मोबाइल फोन भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग को 3000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, यह महिलाओं के लिए एसटी यात्रा के लिए 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने वाला पहला राज्य है। पीएम मोदी ने महिलाओं को समानता के रास्ते पर लाने का काम किया। केन्द्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। 
 
4 हजार 50 करोड़ रुपये के  कार्यों की घोषणा 
विश्व बैंक की मदद से पंचगंगा बाढ़ नियंत्रण के लिए 3200 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है। इस फंड की घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की। उन्होंने कहा कि पंचगंगा प्रदूषण राहत के लिए 750 करोड़ रुपये की परियोजना योजना प्रस्तुत की गई है। उन्होंने नगरोत्थान योजना से इचलकरंजी शहर में सड़कों के लिए 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। शिंदे ने विभिन्न महिला लाभार्थियों को सामग्री और अनुदान वितरित किया। हातकणंगले नगरपंचायत में बनाए जाने वाले “शिवराज्य भवन” बहुउद्देशीय इमारत का भूमिपूजन व आधारशिला का अनावरण मुख्यमंत्री के हाथों हुआ। 
 
CM Shinde in Kolhapur
      
35 हजार महिला उपस्थित
इस कार्यक्रम में 35,000 से अधिक ने भाग लिया। अवसर  विधान परिषद के उपसभापति डाॅ. नीलम गोरे, पालक मंत्री हसन मुश्रीफ, राज्य योजना बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश क्षीरसागर, सांसद धनंजय महाडिक, सांसद संजय मांडलिक, सांसद धैर्यशील माने, विधायक प्रकाश अवाडे, राजेंद्र पाटिल , पूर्व विधायक सुरेश हलवंकर, संभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंदवार, कलेक्टर अमोल येडगे, कोल्हापुर नगर आयुक्त के. मंजुलक्ष्मी, इचलकरंजी नगर आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे और पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित के साथ 600 महिला सरपंच और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उपाध्यक्ष नीलम गोरे ने कहा कि सरकार बसों में 50 प्रतिशत छूट, आनंद शिधा, लेक लाडकी योजना, मुफ्त शिक्षा योजना के माध्यम से सरकार महिलाओं के लिए अच्छा काम कर रही है। संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं की जीवन स्थितियों में बदलाव आया है और अब वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। 
 
 
महिला मेले में विकास कार्यों का ऑनलाइन शुभारंभ 
कोल्हापुर जिले में उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, इचलकरंजी (एमएच-51) का मुख्यमंत्री शिंदे द्वारा ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। साथ ही, कुल 13.50 करोड़ रुपये की लागत से इचलकरंजी में इंदिरा गांधी सिविल अस्पताल के नवीनीकरण का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। सीएम ने भैरवनाथ शिक्षण एवं सेवाभावी संस्था द्वारा संचालित नवीन भवन एवं निःशुल्क उपचार योजना का उद्घाटन किया।