
मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में सोमवार को दैनिक मामलों की संख्या में रविवार की तुलना में 36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग (Health Department) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के 1885 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा राज्य में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.4 और BA.5 के नए मामले दर्ज किए गए।
रविवार को मिले 2946 मरीज, 2 की मौत
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 1885 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 79,12,462 हो गई है। वहीं, राज्य में आज महामारी से एक की मौत होने से मृतक संख्या 1,47,871 पर पहुंच गई है। बता दें कि महाराष्ट्र में सोमवार को आमतौर पर दैनिक मामलों की संख्या कम रहती है, क्योंकि वीकेंड पर कम नमूनों की जांच की जाती है। गौरतलब है कि, रविवार को राज्य में 2,946 लोग संक्रमित पाए गए थे और दो लोगों की मौत हुई थी।
Maharashtra reports 1885 new #COVID19 cases, 774 recoveries and 1 death in last 24 hrs. Active cases 17,480
According to latest report from Kasturba Hospital Laboratory, Mumbai, 3 patients of BA.4 & one patient of BA.5 variant found in Mumbai. All of them cured in home isolation pic.twitter.com/zjOYRirGKx
— ANI (@ANI) June 13, 2022
774 लोग कोरोना से उबरे
स्वास्थ्य विभाग जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 774 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। जिसके बाद इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 77,47,111 हो गई है। इसी के साथ राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 17,480 हो गई है। राज्य में आज रिकवरी रेट 97.91% और डेथ रेट 1.86% दर्ज किया गया।
BA.4 और BA.5 सब-वैरिएंट के चार केस
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित कस्तूरबा अस्पताल की प्रयोगशाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के BA.4 सब-वैरिएंट के तीन मामले और BA.5 सब-वैरिएंट का एक मामला सामने आया है। हालांकि, ये सभी मरीज होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं। इन चार मरीजों में दो लड़कियां और दो पुरुष हैं। लड़कियों की उम्र 11 साल है, जबकि पुरुषों की उम्र 40 से 60 वर्ष के बीच है।
मुंबई में 1118 नए केस
राजधानी मुंबई में दैनिक मामलों की संख्या में रविवार की तुलना में सोमवार को 38 की गिरावट दर्ज की गई। शहर में पिछले 24 घंटे में 1118 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,081,865 और मृतक संख्या 19,573 पर स्थिर है। शहर में आज 676 लोग इस वायरस से उबरे हैं। इसी के साथ महामारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 1,050,961 हो गई है। फिलहाल शहर में 11,331 एक्टिव मरीज है।