sanjay raut

Loading

मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 7 ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर जेल में बंद अपराधियों से डील करने के आरोपों पर संजय राउत को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने इस मामले में राउत से सबूत जमा करने को कहा है।

मुंबई पुलिस ने कहा, “मुंबई क्राइम ब्रांच ने सीएम कार्यालय पर जेल में बंद अपराधियों से डील करने के आरोपों पर उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत को नोटिस जारी किया। पुलिस ने संजय राउत से सबूत जमा करने को कहा है और वे इसकी आगे जांच करेंगे।”

राउत के आरोपी पर CMO ने लिया संज्ञान

सांसद संजय राउत ने तीन दिन पहले बयान दिया था कि मुख्यमंत्री कार्यालय से अंडरवर्ल्ड गिरोह चलाया जा रहा है। संजय राउत ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय जेल में बंद कट्टर अपराधियों से संपर्क कर रहा है। संजय राउत के आरोपों पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है और मुंबई पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर जांच के आदेश दिए हैं।

अगर सबूत पेश नहीं कर पाए संजय राउत?

मुख्यमंत्री कार्यालय की नोटिस पर मुंबई पुलिस कमिश्नर ने क्राइम ब्रांच को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे में संजय राउत से पूछताछ की जाएगी। उन्हें इस मामले सबूत पेश करने को कहा गया है। अगर वह सबूत पेश नहीं कर पाए तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है।

संजय राउत ने क्या कहा था?

संजय राउत ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर आरोप लगाते हुए कहा था, “मुख्यमंत्री कार्यालय जेल में बंद कुछ कट्टर अपराधियों से संपर्क कर रहा है। चुनाव की पृष्ठभूमि में राज्य के कुछ कट्टर अपराधियों से संपर्क किया जा रहा है। चुनाव से पहले कुछ लोगों को जमानत देने की साजिश रची जा रही है। राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री कार्यालय में इन चीजों पर नजर रखनी चाहिए ताकि वह समझ सकें कि क्या चल रहा है।”