स्वच्छ सर्वेक्षण में महाराष्ट्र का पहला नंबर, नवी मुंबई फिर तीसरा सबसे साफ शहर, जानें कौनसा राज्य है दुसरे, तीसरे स्थान पर

Loading

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 का रिजल्ट (Swachh Survekshan 2023 Result) जारी कर दिया है।  देश के स्वच्छ राज्यों की कैटेगरी में इस बार महाराष्ट्र (Maharashtra) को पहला, मध्य प्रदेश को दूसरा और छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान मिला।  पिछली बार मध्य प्रदेश पहले स्थान पर था। 

1 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 7वीं बार इंदौर पहले स्थान पर रहा।  सूरत को भी इंदौर के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला।महाराष्ट्र का नवी मुंबई तीसरे, आंध्र प्रदेश का विशाखापट्टनम चौथे और मध्य प्रदेश का भोपाल पांचवें नंबर पर रहा।  महाराष्ट्र का पुणे भी शीर्ष 10 में शामिल है। 1 लाख से कम आबादी वाले शहरों में महाराष्ट्र का सासवड पहले, छत्तीसगढ़ का पाटन दूसरे और महाराष्ट्र का लोनावाला तीसरे स्थान पर रहा। 

2023 की रैंकिंग जारी

गंगा किनारे बसे सबसे साफ शहरों में वाराणसी पहले और प्रयागराज दूसरे स्थान पर रहा।  इसके अलावा मध्य प्रदेश के महू को सबसे स्वच्छ कैंटोनमेंट बोर्ड का अवॉर्ड मिला।  बेस्ट सफाई मित्र सुरक्षित शहर का अवॉर्ड चंडीगढ़ को दिया गया। 

राष्ट्रपति ने किया सम्मानित 

दिल्ली के भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने इन राज्यों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।  इस बार कुल 9500 अंक का सर्वेक्षण हुआ।  इसमें सर्विस लेवल प्रोग्रेस पर 4525।  सर्टिफिकेशन पर 2500 और पब्लिक फीडबैक पर 2475 दिए गए। 

2022 के सर्वे में मध्य प्रदेश था नंबर 1 पर

2022 में राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़कर मध्य प्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बन गया था।  100 से अधिक शहरों वाले राज्य में मध्य प्रदेश नंबर-1 पर आया था।  वहीं इंदौर ने सफाई का सिक्सर लगाया था।  भोपाल भी सातवें से छठवीं रैंकिंग पर आ गया था।  2017 और 2018 में भोपाल देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर था।  वर्ष 2016 में सिर्फ 73 शहर थे।  तब भी इंदौर नंबर-1 पर रहा था।  अब 4355 शहर इस दौड़ में शामिल थे।  फिर भी इंदौर ने नंबर- 1 का तमगा हासिल किया। 

इंदौर वर्ष 2017 से ही देशभर में नंबर-1 पर आ रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 में मध्य प्रदेश को कुल 27 सम्मान मिले थे।  इसमें 18 शहर स्टार रेटिंग और 9 शहर स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए थे।  वहीं 2021 के सर्वेक्षण में कुल 35 अवॉर्ड मिले थे।  भारत का स्वच्छता सर्वेक्षण दुनिया का सबसे बड़ा शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण है।  शहरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 2016 में इसकी शुरुआत की गई थी।  इस बार सर्वे की थीम वेस्ट टू वेल्थ रखी गई थी।