Man Thrown from Local train

Loading

नवी मुंबई: मुंबई से सटे नवी मुंबई (Navi Mumbai) के सीबीडी और नेरुल के बीच लोकल से यात्रा कर रहे एक 32 साल के युवक को 4 युवकों द्वारा बेरहमी से पीटने, उस पर चाकू से हमला करने और उसे चलती लोकल (Moving local train) से नीचे फेंकने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है। चलती लोकल से फेंके जाने की वजह से उक्त युवक का दाहिना हाथ लोकल के पहिये के नीचे आ गया, जिसके चलते उसने अपना एक हाथ हमेशा के लिए खो दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को इलाज के लिए मुंबई के सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पनवेल रेलवे पुलिस ने 4 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 

इस घटना में गंभीर रूप से घायल यात्री का नाम राजेंद्र कुमार लालजी दिवाकर है। 32 साल का राजेंद्र कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का रहने वाला है। 7 दिन पहले वह अपने गांव से ऐरोली में रहने वाले अपने भाई के पास आया था। राजेंद्र कुमार को उलवे सेक्टर-10 स्थित केदारनाथ लॉन्ड्री में नौकरी मिली, जहां पर वह काम करने लगा। बताया जाता है कि शुक्रवार 26 अप्रैल को लॉन्ड्री बंद होने के कारण राजेंद्र कुमार पनवेल में रहने वाले एक रिश्तेदार से मिलने गया, लेकिन जब रिश्तेदार नहीं मिले, तो वह उलवे वापस जाने के लिए शाम करीब 6 बजे लोकल से पनवेल से बेलापुर रेलवे स्टेशन आया। 

चेहरे और पीठ पर किया चाकू से वार
बताया जाता है कि बेलापुर से उरण के लिए कोई लोकल नहीं थी, इसलिए राजेंद्र कुमार ने नेरुल रेलवे स्टेशन से उरण लोकल पकड़ने के बारे में सोचा, इसके लिए जब वह पनवेल-सीएसएमटी लोकल पकड़ने गया, तो लोकल के दरवाजे पर खड़े 4 युवकों ने राजेंद्र कुमार को लोकल में चढ़ने से रोकते हुए उसे धक्का दे दिया। इसके बाद उक्त युवकों की बात सुने बिना ही वह जबरदस्ती लोकल के डिब्बे में घुस गया। बताया जाता है कि इस पर चारों युवकों ने गुस्से में आकर राजेंद्र कुमार की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इसी दौरान उनमें से एक ने चाकू निकालकर उसके चेहरे पर वार कर दिया। इसके बाद उसकी पीठ पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर के चलती लोकल से नीचे धक्का दे दिया। 

कुछ यात्रियों ने रेलवे पुलिस को दी सूचना
कहा जाता है कि जब राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, तो कुछ यात्रियों ने रेलवे पुलिस को इसके बारे में सूचना दी। जिसके बाद रेलवे पुलिस उस स्थान पर पहुंची, जहां राजेंद्र कुमार गिरे थे। पुलिस ने राजेंद्र कुमार को वाशी के मनपा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से राजेंद्र कुमार को आगे के इलाज के लिए मुंबई के सायन अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। इस घटना में घायल हुए राजेंद्र कुमार को जब लोकल में 4 युवक बेरहमी से पीट रहे थे, साथ ही चाकुओं से गोद रहे थे, तब उक्त लोकल के डिब्बे में कई यात्री मौजूद थे। जिसमें से कोई भी यात्री राजेंद्र कुमार को बचाने के लिए आगे नहीं आया।