Omicron

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले कुछ दिनों से ओमिक्रॉन (Omicron) के मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही हैं। हालांकि मरीज तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य विभाग (Health Department) द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में लगातार दूसरे दिन 200 से अधिक ओमिक्रॉन मरीज सामने आए हैं। इसी के साथ डेल्टा वैरिएंट के 3,502 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 17 और लोगों की मौत हुई। वहीं करीब 10 हजार लोग इस महामारी से ठीक होकर घर लौटे हैं।

    एक्टिव मरीज 50 हजार से कम

    बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में कोरोना के नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 78,42,949 और मृतकों की संख्या 1,43,404 हो गई है। हालांकि अच्छी बात यह है कि राज्य पिछले 24 घंटे में 9,815 लोगों ने इस खतरनाक वायरस को मात दी है, जिससे कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा 76,49,669 पर पहुंच गया। फिलहाल राज्य में 45,905 एक्टिव मरीज है।

    रिकवरी रेट 97.54 प्रतिशत हुआ

    बुलेटिन के मुताबिक पुणे संभाग में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा 932 मामले सामने आए हैं। इसके बाद मुंबई संभाग में 587, नासिक संभाग में 571, नागपुर संभाग में 565, अकोला में 438, कोल्हापुर संभाग में 173, लातूर संभाग में 148 और औरंगाबाद संभाग में 88 नए केस दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में आज रिकवरी रेट 97.54 प्रतिशत और डेथ रेट 1.82 प्रतिशत दर्ज किया गया।

    ओमिक्रॉन के 218 नए केस

    महाराष्ट्र में रविवार को ओमिक्रॉन के 218 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें सबसे ज्यादा मरीज 172 अकेले मुंबई के हैं। जबकि 30 पुणे में मिले हैं। महाराष्ट्र में अब तक कुल 3,986 मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 3,334 लोग इस वैरिएंट से उबरे हैं।