एशियाई खेल में चमके राज्य के खिलाड़ियों पर सरकार खुश, 25 लाख से 1 करोड़ का इनाम

Loading

सूर्यप्रकाश मिश्र@नवभारत  

मुंबई: हाल ही में चीन में सम्पन्न हुई ऐशियाई खेल स्पर्धा में पदक जीत कर देश का नाम रोशन करने वाले महाराष्ट्र के खिलाड़ियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कई गुना बढ़ोतरी का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। शुक्रवार को जारी जीआर के अनुसार एशियाड खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 25 लाख से लेकर 1 करोड़ तक की इनाम राशि दी जाएगी।  ऐशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को 1 करोड़, उनके कोच को 10 लाख रुपए इनाम में दिए जाएंगे। इसी प्रकार रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 75 लाख व उनके कोच को 7.5 लाख।

कांस्य पदक पाने वाले खिलाड़ी को 50 लाख और उनके कोच को 5 लाख मिलेंगे। टीम स्तर पर स्वर्ण पदक पाने वाले राज्य के खिलाड़ी को 75 लाख, कोच को 7.5 लाख,रजत पदक वाले खिलाड़ी को 50 लाख व कोच को 5 लाख और कांस्य पदक पाने वाले खिलाड़ी को 25 लाख एवं उसके कोच को 2.50 लाख की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया है। अत्यंत कठिन परिस्थितियों में प्रैक्टिस कर एशियाई खेल में रजत पदक जीतने वाली मुंबई की एथलीट ऐश्वर्या मिश्रा को 75 लाख रुपए मिलेंगे। 

10 गुना बढ़ी इनाम राशि
उल्लेखनीय है कि गरीब परिवार की एथलीट ऐश्वर्या मिश्रा एवं राज्य के अन्य खिलाड़ियों को सरकार से योग्य पुरस्कार देने की मांग बीजेपी नेता व परिश्रम संस्था के संयोजक कृपाशंकर सिंह ने स्वयं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिल कर की थी।

इसके पहले राज्य सरकार ऐशियाई खेलों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को 5 से 10 लाख तक का ही पुरस्कार देती थी। शुक्रवार को नए आदेश के तहत इसमें 10 गुना तक बढ़ोतरी कर दी गई है, इसके अलावा एशिया खेलों में भाग लेने वाले परंतु पदक से वंचित खिलाड़ियों के लिए भी राज्य सरकार ने 10 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।