coronavirus and bmc

    Loading

    मुंबई: बृहन्मुंबई महानगर पालिका(BMC) ने गणपति उत्सव के बाद अपने गृहनगर से शहर लौट रहे लोगों से एहतियात के तौर पर कोविड-19 जांच कराने को कहा है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

    अतिरिक्त नगर आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) सुरेश काकानी ने बताया कि नगर निकाय ने गणपति उत्सव मनाने के बाद मुंबई लौटे लोगों की मुफ्त आरटी-पीसीआर जांच करने वाले 266 केंद्र स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगले 15 दिन महत्वपूर्ण हैं। बीएमसी ने गणपति उत्सव के बाद मुंबई लौटने वालों के लिए मुफ्त आरटी-पीसीआर जांच करने वाले 266 केंद्र स्थापित किए हैं। लोगों के नमूनों की जांच के परिणाम उनके घर पहुंचा दिए जाएंगे।”

    मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा, “लोगों को ध्यान रखना चाहिए क्योंकि वे अपने गृहनगर में दूसरों के संपर्क में आए होंगे। लोगों को यहां स्थापित जांच केंद्रों का लाभ उठाना चाहिए। सावधानियां संक्रमण को और फैलने से रोकने में मदद करेंगी। सभी के लिए टीके उपलब्ध हैं। लोगों को टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए।”

    मुंबई में शुक्रवार को संक्रमण के 434 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ यहां संक्रमितों की कुल संख्या 7,37,164 और कुल मृतक संख्या 16,042 हो गई है। शहर में अभी 4,658 मरीज उपचाराधीन हैं।