महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

    Loading

    मुंबई: मंत्री पद की चाहत में शिवसेना (Shiv Sena) पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) का साथ छोड़ने वाले विधायकों की नाराजगी दूर करने में अभी भी 20 से 25 दिन  का समय लग सकता है। सूत्रों के मुताबिक,  शिंदे-फडणवीस सरकार (Shinde-Fadnavis Government) का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार नवरात्रोत्सव के दौरान किया जा सकता है। नवरात्रोत्सव 26 सितंबर से शुरु हो रहा है, जबकि 27 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सरकार के स्थायित्व को लेकर सुनवाई होनी है। 

    सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर भी लोगों की निगाहें लगी हुईं हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राज्य की महानगरपालिकाओं, जिला परिषद सहित अन्य स्थानीय निकायों की चिंता भी सता रही है। मंत्रिमंडल का विस्तार कर मंत्रियों को चुनाव की जिम्मेदारी दी जा सकती है। 

    कई विधायक जाहिर कर चुके हैं नाराजगी

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने 30 जून को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।  सरकार बनने के 39 दिन बाद 9 अगस्त को 18 मंत्रियों को शपथ दिलवाकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था, लेकिन इस मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री नहीं बनाए जाने से शिंदे गुट के अलावा बीजेपी के भी कई विधायक नाराज हैं। आघाड़ी सरकार में राज्य मंत्री रहे बच्चू कडू और शिंदे गुट के संजय शिरसाट सहित अन्य विधायक अपनी नाराजगी कई बार सार्वजनिक कर चुके हैं।

    11 सितंबर से शुरु हो रहा है पितृपक्ष

    महाराष्ट्र विधान मंडल के सदस्यों की संख्या को देखते हुए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 43 को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सहित कुल 20 मंत्री हैं। मंत्रिमंडल का दूसरे विस्तार  में बीजेपी और शिंदे गुट के कुल 20 विधायकों को शपथ दिलाई जा सकती है।  महाराष्ट्र के प्रमुख उत्सवों में से एक गणेशोत्सव 9 सितंबर को समाप्त हो रहा है। 11 सितंबर से पितृपक्ष शुरु हो रहा है जो 25 सितंबर को समाप्त होगा ।पितृपक्ष में कोई शुभ काम नहीं होता है। 26 सितंबर को घटस्थापना के साथ नवरात्रोत्सव शुरु हो है जो 5 अक्टूबर दशहरा तक रहेगा। सत्ता संघर्ष की सुनवाई  27 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में होनी है। अदालत की सुनवाई के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार करने की तैयारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की है।