Juhu Beach, Mumbai

Loading

मुंबई. चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) धीरे धीरे बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होता जा रहा है। महाराष्ट्र के कोंकण समुद्री किनारे के इलाके में भी समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। लोगों को समुद्री किनारे पर नहीं जाने को कहा गया है। इस बीच मुंबई के जुहू बीच पर पांच लोगों के डूबने की खबर सामने आई है।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक सोमवार को मुंबई के जुहू बीच पर नहाने गए पांच लोग डूब गए हैं। बीच पर मौजूद लोगों ने एक व्यक्ति को बचाया लिया है। हालांकि, चार लोग अभी भी लापता है। सर्च ऑपरेशन जारी है।

भारतीय नौसेना ने कहा, “खोज और बचाव अभियान के लिए नौसेना द्वारा शीघ्र ही एक सीकिंग हेलीकॉप्टर लॉन्च किया जा रहा है। डाइविंग टीमें स्टैंडबाय पर हैं लेकिन समुद्र की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अभी तैनात नहीं की जा रही हैं।”

यह घटना आज शाम 5:30 बजे की है। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एक व्यक्ति को बचाने में सफलता मिली है। चार लोगों की अभी तलाश जारी है।

गौरतलब है कि बिपरजॉय के मद्देनजर मौसम विभाग ने गुजरात में सौराष्ट्र और कच्छ तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से समुद्र किनारों से अगले तीन दिनों तक दूर रहने को कहा है।