Mumbai heat

Loading

नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई:
मुंबई (Mumbai) में हीट (Heat) वेव का अलर्ट (Alert) जारी किया जा चुका है। बढ़ी रही चुनावी सरगर्मियों के बीच तपते सूरज ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी का पारा (Temperature) 40 के पार जा सकता है। इसलिए मुंबईकरों को भीषण गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। वह सावधानियां बरतनी बेहद जरूरी हैं जो आपके स्वास्थ्य का बचाव कर सकें।

मुंबई में पारा जाएगा 40 के पार
मौसम विभाग ने शनिवार 27 से सोमवार 29 अप्रैल तक हीट वेव का पूर्वानुमान व्यक्त किया था। 29 अप्रैल को मुंबई नवी मुंबई और ठाणे में गर्म हवा ने जनता को बेहाल कर दिया है। मुंबई के अलावा ठाणे और रायगढ़ के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। शनिवार से ही गर्मी ने उग्र रूप दिखाना शुरु कर दिया था। रविवार को तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। सुबह 10 बजे से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। हवाओं के झोंके भी तपती भट्टी की तरह तपिश व उमस का अहसास दिला रहे थे। कामकाजी लोग पसीने से तरबतर नजर आए। लोग गर्मी से बचने के लिए छांव ढूंढते नजर आए। शीत पेय की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। रात में भी लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। हालांकि 30 अप्रैल से 3 मई तक मुंबई और उसके आस पास भीषण गर्मी की स्थिति धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। इसके बाद फिर मौसम करवट बदल सकता है।

Maharashtra heat Wave

मुंबई में पारा पहुंचा 38 के पार
रविवार को कुलाबा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और सांताक्रुज में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं ठाणे-बेलापुर इंड्रस्ट्रियाल क्षेत्र में पारा 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रत्नागिरी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा। शनिवार की तुलना में रविवार को तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई।

राज्य के 16 जिले प्रचंड गर्मी के चपेट में
महाबलेश्वर और माथेरान जैसे हिल स्टेशन भी तपने लगे हैं। रविवार को महाबलेश्वर में 34.1 डिग्री और माथेरान में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य में सर्वाधिक तापमान सोलापुर जिले में 43.7 डिग्री रहा। राज्य के 16 जिले प्रचंड गर्मी के चपेट में हैं। सूबे के 16 जिलों में रविवार को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश की हल्की फुहारों ने लोगों को राहत पहुंचाई।

एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने बढ़ाई दिक्कत
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में वृद्धि होने का संभावना जताई है। इस समय मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के कई हिस्सों में एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इस वजह से पूर्व से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान बढ़ रहा है।

बरतें सावधानियां
मौसम विभाग ने लोगों से घर से बाहर निकलते समय सावधानियां बरतने की अपील की है। जरूरी न हो तो दोपहर में घर से बाहर निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते वक्त सिर ढकने के लिए टोपी और छाते का इस्तेमाल करें। संतुलित भोजन करें। बच्चे, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ख्याल रखें।

Anticyclone Maharashtra

बढ़े मरीज
गर्मी के कारण सर्दी-खांसी, बुखार, हाईड्रेशन और गैस्ट्रो के मरीज बढ़ने लगे हैं। बीएमसी के 18 अस्पतालों व 103 आपला दवाखाना में उष्माघात के मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार किए गए हैं। अस्पताल के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस मौसम में विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थों के जरिए भी संक्रामक रोग फैलने की भी आशंका रहती है।

37 डिग्री से ज्यादा गर्मी खतरनाक
वैज्ञानिकों के अनुसार इंसान के शरीर का सामान्य तापमान 98.6 डिग्री फारेनहाइट होता है। ये बाहरी तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस के बराबर होता है। इससे ज्यादा गर्मी होने पर हीट स्‍ट्रोक या हीटवेव का खतरा बढ़ जाता है। मौसम विभाग के अनुसार हीट वेव की आधिकारिक मान्यता तब दी जाती है, जब तापमान मैदानी इलाकों में 40 डिग्री, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है।