Women Police
File Photo: PTI

    Loading

    मुंबई. मुंबई पुलिस (Mumbai Police) की महिला कर्मियों (women personnel) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) के मौके पर मंगलवार से आठ घंटे की पाली मिलेगी। पुलिस आयुक्त संजय पांडे (Police Commissioner Sanjay Pande) ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि महिला कर्मियों को घर और काम के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखने में मदद करने के उद्देश्य से जारी निर्देश मुंबई में अगले आदेश तक लागू रहेगा।

    पांडे ने ही राज्य के कार्यवाहक डीजीपी के रूप में इस साल जनवरी में आठ घंटे की ड्यूटी पहल की शुरुआत की थी। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘सीपी के आदेश के अनुसार, महिला कर्मियों के लिए दो विकल्प हैं। पहले विकल्प में उन्हें तीन शिफ्ट में काम करना होगा, जो सुबह आठ से दिन में तीन बजे, दिन में तीन बजे से रात 10 बजे और रात 10 से सुबह आठ बजे तक है। दूसरे विकल्प में शिफ्ट का समय सुबह सात बजे से दिन में तीन बजे तक, दिन में तीन से रात 11 बजे तक और रात के 11 बजे से सुबह सात बजे तक है।”

    आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों को ड्यूटी के समय को लेकर महिला कर्मियों के साथ चर्चा करनी चाहिए और दोनों विकल्पों के अनुसार उन्हें ड्यूटी सौंपनी चाहिए। आदेश में कहा गया है कि पहल के कार्यान्वयन को लेकर कोई मुद्दा उठने पर पुलिस अधिकारी डीसीपी (संचालन) से संपर्क कर सकते हैं। (एजेंसी)