Gujarat Assembly Elections 2022

    Loading

    मुंबई: गुजरात (Gujarat ) में एक बार फिर सरकार बनाने के लिए बीजेपी (BJP) ने कमर कस लिया है। चुनाव कार्य में  इस बार जहां स्थानीय नेताओं को तरजीह दी जा रही है। वहीं संगठन को एकजुट बनाए रखने और चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दूसरे राज्यों के विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी गयी है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने दक्षिण गुजरात (South Gujarat) के 6 जिलों की कुल 33 सीटों पर चुनाव प्रबंधन और प्रचार अभियान को आगे को बढ़ाने की जिम्मेदारी महाराष्ट्र और मुंबई बीजेपी को दी है। 60 से अधिक पदाधिकारी और लगभग 25 विधायक गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) फतह करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पसीना बहा रहे हैं।

    महाराष्ट्र प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले के नेतृत्व में  17 विधायकों सहित 50 से अधिक पदाधिकारी दक्षिण गुजरात की 23 सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को जिताने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी ने समन्वयक की जिम्मेदारी पूर्व राज्य मंत्री और कांदिवली चारकोप के विधायक योगेश सागर को दी है, जबकि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कर्जतकर को सहायक समन्वयक बनाया गया है। कर्जतकर मुंबई भाजपा के संगठन सचिव भी रह चुके हैं। 

    महाराष्ट्र के विधायक और पदाधिकारी चुनाव कार्य में जुटे

    योगेश सागर के मुताबिक, दक्षिण गुजरात के बलसाड, नवसारी , डांग, सूरत ग्रामीण, तापी और भरूच जिले की कुल 23 विधानसभा क्षेत्र में महाराष्ट्र के विधायक और पदाधिकारी चुनाव कार्य में जुट गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 2 से 3 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी हैं। 

    एक-एक सीट पर दो से तीन पदाधिकारियों को काम सौंपा गया

    मुंबई बीजेपी को सूरत महानगर की 10 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गयी है। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने पार्टी महासचिव संजय उपाध्याय को प्रमुख समन्वयक बनाया है। साथ ही एक-एक सीट पर दो से तीन पदाधिकारियों को काम सौंपा गया है। विधान परिषद में विपक्ष के नेता रहे प्रवीण दरेकर, विधायक सुनील राणे, अमित साटम, विनोद मिश्र, शुभ्रांशु दीक्षित, शरद शाह (पेटीवाला), पंकज यादव, अनिल ठाकुर, रमन झा, छांगुर चौहान, एल.बी. पाल, आकाश पुरोहित, अतुल शाह सहित 31 पदाधिकारी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में अपना काम संभाल लिए हैं। पूर्व मंत्री राज पुरोहित को व्यापारी और राजस्थानी समाज का संपर्क प्रमुख बनाया गया है। संजय उपाध्याय ने बताया कि मुंबई के भाजपा पदाधिकरी माइक्रोमैनेजमेंट के तहत शक्ति केंद्रों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। 

    गुजरात में इस बार भी भाजपा के पक्ष में माहौल है। भरूच और बलसाड के पारडी में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा से उत्साह का माहौल है। बीजेपी के उम्मीदवार बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे।

    -योगेश सागर, विधायक, पूर्व राज्यमंत्री

    इस बार पार्टी बूथ से भी नीचे हर घर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मुंबई से गयी टीम सूरत में बड़ी भूमिका निभानेवाली है। टीम की तैनाती से पार्टी हर मतदाता तक तो पहुंच बढ़ा ही रही है, चुनाव प्रबंधन भी पहले से ज्यादा प्रभावी हो रहा है। इसमें स्थानीय नेताओं को ज्यादा महत्व मिल रहा है।

    -संजय उपाध्याय, महासचिव, मुंबई बीजेपी