Karachi Hospital, Dawwod Ibrahim, Karachi Hospital, Karachi, Treatment, Sajid Wagle, Dawood Ibrahim Treatment

Loading

  • दाऊद ने जीजा इस्माइल पारकर की हत्या का बदला लेने के लिए फ़की को भेजा था
  • छोटा शकील के साथ रह रहा था नज़ीर मोहम्मद फ़की
  • दाऊद के पाकिस्तान में रहने की होगी मजबूत पुष्टि

मुंबई: 1992 जे जे शूटआउट (J-J shootout) का आरोपी नज़ीर मोहम्मद फ़की (Nazir Mohammad Faqi) तीन दशक बाद पुलिस के जाल में आया है। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद (Dawood Ibrahim Kaskar) का ये भतीजा कितना शातिर है और इसकी कितनी अहमियत है इसका अंदाजा इसी बात से लागाया जा सकता है कि अभी तक फ़की की कोई फोटो मुंबई पुलिस के पास नहीं है। सूत्रों की माने तो फ़की लम्बे समय से अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के गुर्गे छोटा शकील के साथ रह रहा था। फ़की को लेकर मुंबई पुलिस की तरफ से रेड कोर्नर नोटिस जारी किया गया है। फ़की अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के बारे में कई ताजा जानकारी और राज़ मुंबई पुलिस (Mumbai Police) को दे सकता है। तीन दशक से फरार फ़की का मिलना एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा सकता है। फ़की को अंतिम बार दुबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के घर की शादी समारोह में देखा गया था। मगर पारिवारिक लोगों के आलावा उसको कोई पहचान नहीं सका था।

जे जे शूट आउट का है आरोपी
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम (Dawood Ibrahim Kaskar) की बहन हसीना पारकर के पति की अरुण गवली गैंग द्वारा हुई हत्या के बाद दाऊद ने अपने जीजा इस्माइल पारकर की हत्या का बदला लेने के लिए जे जे शूटआउट की योजना बनाई थी। जिसमें उसने अपने भतीजे नजीर मोहम्मद फ़की पर भरोसा जताया था। महत्वपूर्ण है कि इस पूरी प्लानिंग का मास्टर माइंड रहीम फ़की को बताया जाता है। जबकि उसको अमली जामा पहनाने का श्रेय नज़ीर फ़की को ही जाता है। गौरतलब है कि अरुण गवली गैंग ने हसीना के पति को मार डाला था। जिससे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद की इमेज को बहुत धक्का लगा था। मुंबई में अपनी धाक बनाये रखने के लिए मुंबई में पहली बार ए के 47 से 500 राउंड से ज्यादा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। हालांकि इस वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फ़की फरार हो गया था। सूत्रों की माने तो जब छोटा शकील ने मुंबई से भाग कर दुबई में शरण ली अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद ने तभी से अपने भतीजे फ़की को छोटा शकील के साथ कर दिया था।

दुबई की शादी में अंतिम बार दिखा था फ़की
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम के तथाकथित समधी पाक क्रिकेटर जावेद मियादाद के दुबई में आयोजित हाई प्रोफाइल फंक्शन में भी फ़की मौजूद था। हालांकि फ़की की कोई तस्वीर नहीं होने के कारण उसको कोई पहचान नहीं सका था। महत्वपूर्ण है कि उस समय भी भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसियों ने इस शादी फंक्शन पर अपनी नज़र गडाए रखी थी। लेकिन कई नए इनपुट मिलने के बावजूद फ़की के बारे में उस समय भी कोई सूचना नहीं मिल सकी थी।

जल्द ही भारत लाया जायेगा फ़की !
मुंबई पुलिस के आला अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह ही इस केस से जुडी जानकारी के साथ रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया है। पुलिस अभी तक ज्यादा जानकारी शेयर नहीं कर रही हैं। मगर फ़की की गिरफ्तारी और भारत में जल्द उसके प्रत्यर्पण को लेकर अपनी कोशिश शुरू कर चुकी है। नवभारत के सूत्रों को मिली जानकारी के अनुसार उसे दुबई में गिरफ्तार किया गया है।