BEST MIDI AC Buses

    Loading

    मुंबई: मुंबई (Mumbai) में बेस्ट परिवहन सेवा संचालित करने वाली  बेस्ट (BEST) उपक्रम ने अपने दो प्रमुख व्यस्ततम मार्गों से बेस्ट की बसों को हटा लिया है। इससे दादर (Dadar) और वडाला स्टेशन (Wadala Station) से केईएम (KEM) जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इन दो मार्गों पर बेस्ट बहुत कम संख्या में सामान्य बसें चला रहा है जिस करण से सुबह के समय यात्रियों की लंबी कतारें लग रही हैं।

    बेस्ट प्रशासन मुंबई में ज्यादातर बसों को इलेक्ट्रिक एसी बसों में बदल रहा है। बेस्ट की तरफ से चलाई जाने वाली सभी टाइप की बसों की जगह इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही है। मुंबई में बेस्ट की 600 से ज्यादा मिडी एसी बसें प्वाइंट-टू-प्वाइंट चलती है। इन्हीं मार्गों में से दो मार्ग वडाला स्टेशन से केईएम अस्पताल और दादर स्टेशन से केईएम अस्पताल के लिए एसी मिडी बसों की सेवा खूब प्रचलित थी। इन दोनों मार्गों पर सवारियों की संख्या अधिक होने के कारण बेस्ट के लिए फायदे का सौदा था, लेकिन ठेके पर रखे गए ड्राइवरों की होने वाली हड़ताल के कारण चार दिन तक बसों का संचालन पूरी तरह ठप था।

    हड़ताल पर चले गए थे ड्राइवर 

    मिडी बसों को चलाने वाले ठेकेदार की तरफ से ड्राइवरों को समय पर वेतन नहीं दिए जाने, भविष्य निर्वाह निधी का पैसा खाते में जमा नहीं करने के कारण ड्राइवर हड़ताल पर चले गए थे। वडाला डेपो में हुई इस हड़ताल के बाद भी ठेकेदार और ड्राइवरों में कोई समझौता नहीं हुआ।। वडाला-दादर टू केईएम तक बेस्ट प्रशासन रोजाना 22 मिडी बसें चलाता था। हड़ताल के कारण ठेकेदार ने अचानक रात में बेस्ट बसों को वडाला डिपो से हटाकर दूसरे डिपो में शिफ्ट कर दिया।

    बेस्ट 22 की जगह केवल 10 बसें चला रहा

    बंद हुए इन दोनों मार्गों ए 217और ए214 पर मिडी बसों की जगह बेस्ट सामान्य बड़ी बसें चला रहा है। बेस्ट की तरफ से चलाई जा रही सामान्य बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बेस्ट 22 की जगह केवल 10 बसें चला रहा है। इससे काम या अस्पताल जाने के बेस्ट बस पकड़ने के लंबी कतार लग रही है। यात्रियों की मांग है कि प्रशासन जल्द यहां बसों की संख्या बढ़ाए।