Sanjay Gaikwad

Loading

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई: मराठा आरक्षण के मुद्दे को लेकर शिंदे सरकार के अन्दर कलह बढ़ता जा रहा है। सीएम एकनाथ शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ का एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वे कैबिनेट मंत्री व कद्दावर ओबीसी नेता के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गायकवाड़ ने कल्याण के शिवसेना कार्यकर्ता दुर्गेश बागुल से फोन पर बात करते हुए मंत्री भुजबल को अपशब्द कहे हैं। हालांकि इस ऑडियो क्लिप की पुष्टि नहीं की गई है। खास बात यह है कि दोनों सत्ताधारी दलों के नेता एक दूसरे की तीखी आलोचना कर रहे हैं।  इस वजह से सीएम शिंदे का सिरदर्द बढ़ गया है। 

मंत्री पद से हटाने की मांग
इससे पहले विधायक गायकवाड़ ने भुजबल को मंत्री पद से हटाने की मांग की थी। दरअसल भुजबल सीएम शिंदे के उस फैसले का  विरोध कर रहे हैं, जिसमें मराठा समाज को कुनबी प्रमाण पत्र दिए जाने का आदेश दिया गया है।

कैबिनेट मंत्री का आरोप है कि शिंदे, मराठा समाज को ओबीसी कोटे के आरक्षण में बैक डोर से इंट्री दे रहे हैं। भुजबल के इन सरकार विरोधी बयानों को लेकर शिंदे गुट में कड़ी नाराजगी है। वहीं उनकी खुद की पार्टी के नेता व डिप्टी सीएम अजित पवार ने भी भुजबल के बयानों से पल्ला झाड़ लिया है।