Nirupam To join Shiv Sena

Loading

Nirupam to Join Shiv Sena: अशोक चव्हाण के बाद अब महाराष्ट्र के राजनीति में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लग सकता है। संजय निरुपम (Sanjay Nirupam) कांग्रेस (Congress) का दामन छोड़कर शिवसेना (Shiv Sena) का दामन थाम सकते हैं।  सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के साथ संजय निरुपम की बातचीत चल रही है। दरअसल शिवसेना यूबीटी ने उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा सीट (North West Mumbai Seat) अपने पास रखने का फैसला ले लिया है। शिवसेना यूबीटी ने महाराष्ट्र की 16 सीटों पर समन्वयकों के नाम जारी कर दिए हैं। उस के बाद यह तस्वीर साफ हो गई है कि कांग्रेस की तरफ से इस सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले संजय निरुपम अब पाला बदल सकते हैं। क्योंकि शिवसेना यूबीटी ने यह सीट कांग्रेस के पास नहीं जाने दी है। इस पर खींचतान चल रही थी। 

12 फरवरी का दिन कांग्रेस के लिए एक बुरी खबर लेकर आया, जब कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया और अगले दिन भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। अशोक को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। चव्हाण से पहले कांग्रेस को दो बड़े झटके लगे थे। मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना (शिंदे) का दामन थाम लिया। वहीं बाबा सिद्दीकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दामन थामते हुए नजर आए। 

कांग्रेस को लगातार एक के बाद एक तीन बड़े झटके महाराष्ट्र की राजनीति में लग चुके हैं और आने वाले वक्त में कांग्रेस को एक और तगड़ा झटका लग सकता है इस बात की संभावना राजनीतिक हलकों में तेजी से हो रही है। उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस और शिवसेना यूबीटी के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी और अब जब शिवसेना की तरफ से समन्वय के नाम की घोषणा कर दी गई है तो इससे यह साफ हो गया है कि कांग्रेस उत्तर पश्चिम सीट हासिल करने में नाकामयाब साबित हुई है। ये संजय निरुपम के नाराजगी की बड़ी वजह बन सकता है। 

हालांकि संजय निरुपम ने अशोक चव्हाण के कांग्रेस छोड़ने के वक्त बयान जारी किया था और यह बताया था कि वह महाराष्ट्र के एक बड़े नेता के व्यवहार से काफी नाराज थे और इसी वजह से उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली और इस्तीफा तक दे दिया। हालांकि संजय निरुपम ने खुद कांग्रेस छोड़ने की खबरों पर उस समय पूर्ण विराम लगा दिया था और उसे कोरी अफवाह बताया था, लेकिन जिस तरह से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उनकी बातचीत चलने की खबर सामने आ रही है यह संभावना तेज हो गई है कि आने वाले वक्त में संजय निरुपम की तरफ से कोई बड़ा बयान सामने आ सकता है।