भाजपा यानी जुमला पार्टी, सुप्रिया सुले का हमला

Loading

  • बेस्ट कर्मियों के न्याय दिलाने सड़क पर उतरने की चेतावनी

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने भाजपा (BJP) को जुमला पार्टी (Jumla Party) करार देते हुए आरोप लगाया है कि मराठा, धनगर, लिंगायत और मुस्लिम आरक्षण को भाजपा सांसदों का ही विरोध है। यह सरकार श्रमिक विरोधी है। बेस्ट कामगारों के कई मसले राज्य सरकार के पास लंबित हैं और सरकार ने अपने एक भी आश्वासनों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द उनकी पार्टी बेस्ट कामगारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरेगी। 

सुप्रिया सुले ने गुरुवार को मुंबईकरों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में वडाला के प्रतीक्षा नगर के बस डिपो का दौरा किया और निरीक्षण किया। इस उन्होंने विद्युत सेवा विभाग के स्थायी और संविदा कर्मियों के साथ महिला कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि बेस्ट कर्मचारियों की समस्या को लेकर वह जल्द ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी। बेस्ट और मुंबईकरों का एक अनोखा रिश्ता है। इसलिए राज्य सरकार को राजनीति से परे हटकर मानवता के नाते बेस्ट कर्मियों को न्याय देना जरूरी है। मुख्यमंत्री के कहने के बावजूद बेस्ट कर्मियों को वेतन वृद्धि नहीं दी गई है और दिवाली बोनस को लेकर भी भ्रम है। बेस्ट कर्मियों के हाथ में केवल 12 से 13 हजार रुपए आते हैं, जबकि महंगाई काफी बढ़ गई है। 

फडणवीस ने की वादाखिलाफी 
मराठा आरक्षण को लेकर राकांपा ने सबसे ज्यादा संसद में सवाल उठाया है। भाजपा के सांसद महाराष्ट्र में आरक्षण की बात करते हैं और दिल्ली में दूसरी बात करते हैं। तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे देवेंद्र फडणवीस ने वादा किया था कि सरकार में आते ही पहली कैबिनेट में मराठा आरक्षण देंगे। लेकिन कुछ नहीं हुआ। दिल्ली में भाजपा के लोकसभा सदस्यों ने धनगर, मराठा, लिंगायत, मुस्लिम समुदाय को आरक्षण देने का विरोध किया है। इस मामले में भाजपा बेनकाब हो गई है।