वसई-विरार महानगरपालिका ने बनाई संपत्ति कर के ‘टॉप 100’ बकायेदारों की सूची

    Loading

    वसई: वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) ने संपत्ति कर की वसूली के लिए प्रत्येक वार्ड से (शीर्ष सौ) टॉप 100 सबसे अधिक बकाया रखने वाले कर धारकों की सूची (List) तैयार की है। इन बकायेदारों से बकाया टैक्स वसूली (Outstanding Tax Recovery) करने की जिम्मेदारी सम्बंधित विभाग के कर्मचारियों को दी है। वसई-विरार महानगरपालिका ने 500 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूली (Property Tax Recovery) के लिए जोरदार प्रयास शुरू किया है। सितंबर के अंत तक महानगरपालिका ने 142 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूल की है। 

    500 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए बकाया कर वसूल करने आवश्यक है क्योंकि 300 करोड़ रुपए का संपत्ति कर बकायेदारों के पास रुका है, यदि यह वसूल हो गया तो संपत्ति कर के 500 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य पूरा हो सकता है। इसलिए वसई-विरार महानगरपालिका ने संपत्ति कर बकायेदारों पर अपना ध्यान केंद्रित कर रखा है। शहर के सभी 9 प्रभागों को मिलाकर कुल 6 हजार 650 करोड़ रुपए संपत्ति कर बकाया है।

    कर वसूली से भरेगी महानगरपालिका की तिजोरी

    वसई-विरार महानगरपालिका उपायुक्त (कर विभाग) समीर भूमकर ने बताया कि बकाया वसूली के लिए महानगरपालिका ने हर प्रभाग के सबसे बड़े 100 बकायेदारों की सूची तैयार की है। सम्बंधित विभाग के कर्मचारियों को इन सौ लोगों से वसूली की जिम्मेदारी दी गयी है। महीने भर के अंदर उन्हें बकाया कर वसूली करनी है। नए कर वसूली करने के साथ ही पुराने बकाए की वसूली पर जोर दिया गया है। इन बकायेदारों में अवैध गृह संपत्ति कर और वाणिज्यिक संपत्ति आदि का समावेश है। इससे बकायेदारों के पास से वसूली करने का लक्ष्य पूरा करने के साथ ही महानगरपालिका की तिजोरी भरेगी।