Wrong E Challan

Loading

तारिक़ खान @ नवभारत 
मुंबई: मुंबईकर ट्रैफिक रूल्स तोड़े बिना आने वाले ई-चालान (जुर्माने) से परेशान है. वाहन नंबर पर रॉन्ग मोबाइल नंबर रजिस्टर होने से, गलत ई-चालान कटने की शिकायत यातायात पुलिस को लगातार मिल रही है। पिछले साल मुंबई ट्रैफिक पुलिस को ई-चालान से जुड़ी 1 लाख 44 हजार 920 शिकायतें मिली। इनमें से 17 हजार 917 बिलों को जमानत राशि जमा कराकर निरस्त कराया गया है। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि,अन्य शिकायतों में नियमों का उल्लंघन न करने का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। बता दें कि,यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ उनके रजिस्टर मोबाइल नंबर पर, मुंबई ट्रैफिक पुलिस द्वारा एसएमएस के माध्यम से ई-चालान (फाइन) भेजा जाता है। जिसके बाद उन्हें नज़दीक के ट्रैफिक पुलिस डिवीजन में यह जुर्माना भरना पड़ता है। 
 
ट्रैफिक पुलिस ने पिछले पांच वर्षों में यातायात का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 2 करोड़ 86 लाख 11 हजार 485 ई-चालान जारी किया है। जिसमें 1 हजार 223 करोड़ 6 लाख 78 हजार 562 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें से अब तक 1 करोड़ 43 लाख 44 हजार 778 ई-चालान से 553 करोड़ 63 लाख 95 हजार 662 रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसमें पिछले साल के 148 करोड़ 99 हजार 61 हजार 300 रुपये शामिल हैं। इन शिकायतों के साथ-साथ गलत ई-चालान की शिकायतों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। हालांकि ई-चालान रद्द करने की सुविधा ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पिछले साल ट्रैफिक पुलिस को 1 लाख 44 हजार 920 शिकायतें मिलीं थी। 
 
50 पुलिसकर्मियों की टीम की निगरानी में ई-चालान 
ई-चालान से जुड़ा काम वर्ली स्थित ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय में मल्टी मीडिया सेल के तहत देखा जाता है। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों सहित 50 पुलिसकर्मियों की टीम काम करती है।  जनवरी, फरवरी और मार्च महीने में शिकायतों की संख्या 15,000 से 19,000 के बीच थी। इसके बाद अप्रैल से नवंबर के बीच ये संख्या बढ़कर 10,000 से 8,000 तक पहुंच गई। दिसंबर माह में फिर 17 हजार 730 शिकायतें मिलीं, साल भर में कुल 17 हजार 917 शिकायतें मिलीं थी। 
 
 
कंप्लेंट मिलने पर रद्द होता है ई-चालान 
शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने पर ई-चालान निरस्त कर दिया जाता है। साथ ही अगर किसी ने पैसा चुका दिया है तो उसे पैसा वापस भी मिल जाता है। ट्रैफिक पुलिस हैंडल एक्स पर साथ ही ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को आने वाली कॉल्स में सूचनात्मक कॉल्स की संख्या अधिक होती है। सूचना, फोटो सही होने पर कार्रवाई की जाती है। अगर पता पूरा है और फोटो के बारे में कोई जानकारी नहीं है तो ट्रैफिक पुलिस को वहां भेजा जाता है और सर्टिफिकेट जमा कराकर कार्रवाई की जाती है। (एम-राम कुमार-अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक) 
 
कई बार मिला है कार का ई-चालान
मुझे भी दो से तीन बार कार (फोर व्हीलर) का ई-चालान आया है, जबकि मेरी बाइक है। हेलमेट पहनने और नियम नहीं तोड़े के बावजूद मोबाइल पर चालान मिलता है। यातायात पुलिस को बोलने पर वह मानते ही नहीं है कि डिपार्टमेंट की है। (सूरज चव्हाण-बाइकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर) 
 
साइबर जालसाज उठाते है फायदा 
ये गंभीर मुद्दा है, यातायात पुलिस को इसे संजीदगी से लेना चाहिए. साइबर अपराधी इसका फायदा उठाकर मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजकर लोगों से ठगी करते है. बहुत से ऐसे मामले सामने आए है जहां लोगों के साथ ठगी हुई है। (संगीता वाघमारे- पूर्व जूविनाइल जस्टिस मुंबई)
 
पिछले वर्ष दो और चार पहिया वाहनों को गलत मिलने वाले  ई-चालान कि शिकायत और रद्द चालान का आंकड़ा 
 
माह                 ई-चालान रद्द                    कुल शिकायतें
जनवरी-               3,058                              19,874        
फरवरी-               2022                               19,874
मार्च-                  1512                                 19,089
अप्रैल-                 1,152                               15,290
मई-                    1,016                               10,107                      
जून-                     980                               10,533
जुलाई-                  807                               10,008
अगस्त-                 903                                9,002
सितम्बर-               981                                8,658
अक्टूबर-              1,157                              7,674               
नवंबर –               1,314                               8,479
दिसंबर-                2,835                             8,442