
नाशिक: पिछले तीन-चार दिनों से नाशिक शहर (Nashik City) का तापमान (Temperature) बढ़ रहा था, लेकिन अचानक फिर से तापमान लुढ़क गया है। रविवार को नाशिक का तापमान 11.14 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया था, जबकि अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। वातावरण में ठंड (Cold) की वजह से नागरिकों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखना पड़ रहा है।
नाशिक का तापमान 7 डिग्री तक लुढ़कने के बाद जोरदार ठंड महसूस की जा रही थी, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से पारा चढ़ने लगा था। नाशिक का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा था, लेकिन रविवार को एक बार फिर से पारा लुढ़क गया।
कुछ दिनों तक फिर से ठंड बढ़ने का अनुमान
ऐसा माना जाता है कि मकर संक्रांति के बाद ठंड कम हो सकती है, लेकिन एक बार फिर से ठंड बढ़ने से अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले कुछ और दिनों तक ठंड की स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल ठंड से बचाव के लिए स्वेटर, जैकेट सहित अन्य गर्म परिधानों का उपयोग किया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। ऐसे में यह सप्ताह मौसम में बदलाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।