Water Crisis, Water Supply
File

    Loading

    नाशिक: लगातार दूषित और गाद मिश्रित जलापूर्ति होने के बाद दो दिन से पंचवटीवासियों को की जा रही जलापूर्ति में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन फिर से अनेक परिसरों में दूषित पानी की आपूर्ति होने लगी है। विगत सप्ताह में शुरू हुई बारिश के बाद पंचवटी (Panchavati) के गणेशवाड़ी, टकले नगर, आडगांव नाका (Adgaon Naka), सहजीवन नगर (Sahjeevan Nagar), उदय कॉलोनी (Uday Colony) आदि सहित अन्य परिसरों में दूषित और गाद मिश्रित पानी की आपूर्ति की जा रही थी। 

    इस संदर्भ में चिल्ल-पुकार होने के बाद नाशिक महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों ने परिसर के गटर को खोलकर उसकी साफ-सफाई कराई। इसके बाद अगले दो दिनों तक जलापूर्ति में सुधार रहा, लेकिन फिर से दूषित पानी की आपूर्ति होने से परिसर की महिलाएं परेशान हो गई हैं। 

    अधिकारियों ने सुधार करने का दिया आश्वासन 

    महिलाओं ने महानगरपालिका अधिकारियों से संपर्क करते हुए जमकर हल्लाबोल किया। इसके बाद अधिकारियों ने मुआयना कर जलापूर्ति में सुधार करने का आश्वासन दिया। कुल सप्ताह भर से दूषित जलापूर्ति होने से परेशान महिलाओं ने संबंधित यंत्रणा के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इसे लेकर महानगरपालिका के पंचवटी विभागीय के अधिकारी कैलास राभडिया से संपर्क करने पर उन्होंने जलापूर्ति में जल्द से जल्द सुधार करने का आश्वासन दिया। शुद्ध जलापूर्ति करने की बात कनिष्ठ अभियंता दत्तात्रेय बागुल ने कही।

    नगरसेवक न होने से कहां करें शिकायत?

    दूषित और गाद मिश्रित जलापूर्ति के कारण कई नागरिकों को उल्टी, जुलाब, बुखार आदि की समस्याएं हो रही हैं। बारिश कम होने के बावजूद नलों से दूषित और गाद मिश्रित जलापूर्ति होने से नागरिक परेशान हो गए हैं। नाशिक महानगरपालिका की प्रशासनिक कार्यप्रणाली खराब होने के कारण और नगरसेवक पूर्व होने से अब शिकायत किसके पास करें। यह समस्या नागरिकों को सता रही है।