नासिक में एक लाख से अधिक लोगों ने भरा ऑनलाइन टैक्स, 25 दिन में महानगरपालिका की तिजोरी में जमा हुए इतने करोड़ रुपए

Loading

नासिक: शहर में एक लाख से अधिक संपत्तिधारकों ने ऑनलाइन गृह कर भुगतान (Online House Tax Payment) कर दो करोड़ रुपए छूट का लाभ उठाया है। पिछले 25 दिनों में नासिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) के खजाने में 36 करोड़ रुपए गृह कर (House Tax) जमा हुए हैं। महानगरपालिका द्वारा शुरू की गई छूट योजना के तहत अप्रैल माह में 8 प्रतिशत की छूट का लाभ उठा सकेंगे। इसके बाद 6 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

नासिक महानगरपालिका प्रशासन (Nashik Municipal Administration) ने वित्त वर्ष 2023-2024 के लिए एकमुश्त भुगतान करने वाले करदाताओं को 1 अप्रैल से छूट देने की घोषणा की थी। इस योजना को संपत्ति धारकों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पिछले 25 दिनों में महानगरपालिका की तिजोरी में गृहकर के रूप में 36 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। 

नासिक पश्चिम मंडल ने किया सर्वाधिक कर संग्रह

नासिक पश्चिम मंडल ने सर्वाधिक 7 करोड़, 94 लाख, 82 हजार, 92 रुपए का कर संग्रह किया है। इसके बाद नाशिक पूर्व मंडल ने 6 करोड़, 93 लाख, 94 हजार, 578 रुपए का कर संग्रह किया। वर्ष 2022-23 में महानगरपालिका ने कर वसूली का लक्ष्य हासिल किया है। वर्ष 2023-2024 की शुरुआत में भी महानगरपालिका ने टैक्स में छूट दी है। महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाएं। सभी संपत्ति मालिकों को nmctax.in और nmc.gov.in पर इंडेक्स नंबर दर्ज करने के बाद चालू वित्तीय वर्ष के लिए भुगतान की सुविधा प्राप्त होगी। महानगरपालिका के कर विभाग ने अपील की है कि नागरिक वेबसाइट का उपयोग कर छूट का लाभ लें। 

1 लाख, 7 हजार लोगों ने ऑनलाइन कर का भुगतान किया

1 लाख, 7 हजार लोगों ने ऑनलाइन कर का भुगतान किया है। इसके बदले में उन्हें 2 करोड़, 2 लाख, 22 हजार 392 रुपए की छूट मिली है। सबसे ज्यादा रियायती संपत्ति के मालिक सिडको डिवीजन के हैं। इनकी संख्या 27,819 है। पूर्व विभाग में 21,110, सातपुर क्षेत्र में 10,952, नाशिक वेस्ट में 13,567, नाशिक रोड में 19,349, पंचवटी विभाग में 16,712 लोगों ने ऑनलाइन भुगतान किए हैं।

विभाग स्तर पर कर संग्रहण

  • सातपुर : 4 करोड़, 17 लाख, 99 हजार, 35 रूपए।
  • नासिक पश्चिम : 7 करोड़, 94 लाख, 82 हजार, 92 रुपए।
  • नासिक पूर्व : 6 करोड़, 93 लाख, 94 हजार 578 रुपए।
  • पंचवटी : 5 करोड़, 31 लाख, 33 हजार, 740 रुपए।
  • सिडको : 6 करोड़, 54 लाख, 21 हजार, 979 रुपए।
  • नासिक रोड : 4 करोड़, 46 लाख, 90 हजार 644 रुपए।

टैक्स छूट पर एक नजर 

  • अप्रैल में पूरा टैक्स चुकाने पर प्रॉपर्टी टैक्स पर 8 फीसदी की छूट।
  • मई में पूरा टैक्स चुकाने पर प्रॉपर्टी टैक्स में 6 फीसदी की छूट।
  • जून में पूरा टैक्स चुकाने पर प्रॉपर्टी टैक्स में 3 फीसदी की छूट।
  • ऑनलाइन भुगतान करने पर उपरोक्त छूट के साथ सामान्य कर पर 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।