31 अक्टूबर तक नासिक महानगरपालिका का ढोल बजाओ अभियान रुका

    Loading

    नासिक: संपत्ति टैक्स (Property Tax) और जल टैक्स (Water Tax) बकाए की वसूली के लिए नासिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) द्वारा बकाएदारों के घर के बाहर ढोल बजाओ अभियान शुरू किया गया था, लेकिन दीपावली के चलते यह अभियान स्थगित करने की मांग नागरिकों के साथ कई संगठन कर रहे थे। आखिरकार नासिक महानगरपालिका ने अपना अभियान 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया है, जो 1 नवंबर से फिर से शुरू होगा। 

    गौरतलब है कि 1 लाख रुपए से अधिक संपत्ति टैक्स बकाया वाले लोगों की सूची महानगरपालिका ने अपने संकेत स्थल पर जारी की है, लेकिन बकाएदार रकम अदा करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए महानगरपालिका ने 17 अक्टूबर से बकाएदारों के मकान के बाहर ढोल बजाओ अभियान शुरू किया था। 

    पांच दिन के अभियान में इतने बकाया रकम की हुई वसूली

    पांच दिन के अभियान में 4 करोड़ 1 लाख 18 हजार 944 रुपए बकाया रकम वसूल हुआ। 435 बकाएदारों के मकान के सामने ढोल बजाया गया, परंतु इस अभियान को नागरिकों के साथ राजनीतिक दल और संगठनों ने दीपावली त्यौहार के चलते स्थगित करने की मांग की थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह अभियान 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। यह अभियान 1 नवंबर से दोबारा शुरू होगा।