deve

Loading

पिंपरी: भाजपा-शिवसेना और महायुति सरकार ने नियमों से परे जाकर पिंपरी-चिंचवडकरों (Pimpri-Chinchwadkars) की जरूरत को ध्यान में लेकर उनके लिए आंध्र बांध से 250 एमएलडी पानी स्वीकृत किया है। यह पानी जल्द ही शहर में पहुंचेगा। राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) ने सांगवी में चिंचवड विधानसभा उपचुनाव (Chinchwad By-Elections 2023) में बीजेपी महायुति की प्रत्याशी अश्विनी लक्ष्मण जगताप की प्रचार सभा में इसकी घोषणा की। अगर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारा होता तो उनका बड़प्पन दिखता। अब दिवंगत लक्ष्मण भाऊ की ताकत हम इस चुनाव में दिखाएंगे, इन शब्दों में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को चुनौती दी।

स्व. लक्ष्मण भाऊ कहते थे कि पिंपरी-चिंचवड शहर में अंतरराष्ट्रीय शहर बनने की ताकत है। वे इसके लिए प्रयासरत थे, वे शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए फालोअप कर रहे थे। उन्होंने शास्तिकर के उन्मूलन के लिए कड़ा संघर्ष किया। यह कर पिंपरी-चिंचवडकरों पर जैसे मुगलकाल का जजिया कर के समान था। लोगों को नोटिस दिए जाने लगे। उस समय कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस की सरकार थी। उसने अचानक एक सपना देखा और शहर को सजा दी, लेकिन बीजेपी-शिवसेना गठबंधन सरकार ने 1,000 वर्ग फुट तक के मकानों पर लगने वाले शास्तिकर को रद्द कर दिया। बाद में नई सरकार आने के बाद ये जजिया कर को पूरी तरह खत्म करने की घोषणा विधानसभा में की गई है। विधानसभा में की गई घोषणा के लिए शासनादेश जल्द जारी होगा, यह आश्वासन भी फडणवीस ने दिया।

अधिक से अधिक वोटों से अश्विनी जगताप को दिलाएं जीत

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लक्ष्मण जगताप ने शहर के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। अगर यह चुनाव नहीं हुआ होता तो हम सभी खुश होते, लेकिन कई बार नियति हम पर कुछ चीजें थोप देती है। एक महान नेता, 24 घंटे विकास के समर्थक, जनता की आवाज बनने वाले नेता का दुर्भाग्य से निधन हो गया। चुनाव अचानक आ गया, इसके लिए कोई मानसिक रूप से तैयार नहीं था। अब मतदाता अश्विनी लक्ष्मण जगताप को आशीर्वाद देकर लक्ष्मणभाऊ को श्रद्धांजलि दें। सभा के मंच पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, पालकमंत्री चंद्रकांत पाटील, सांसद श्रीरंग बारणे, धनंजय महाडीक, बीजेपी शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे, विधायक शिवेंद्रराजे भोसले, राम सातपुते, उमा खापरे, श्रीकांत भारतीय, राम शिंदे, गोपीचंद पडलकर, अभिमन्यू पवार, तुषार राठोड, प्रसाद लाड, पूर्व मंत्री विजय शिवतारे, हर्षवर्धन पाटील, अमर साबले आदि उपस्थित थे।