महाराष्ट्र में जोरों से चल रही लोकसभा चुनाव की तैयारियां, निर्वाचन विभाग ने शुरू किया काम

Loading

महाराष्ट्र: एक तरफ जहांमहाराष्ट्र सरकार ने कैबिनेट विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं अब दूसरी ओर चुनाव आयोग ने भी इलेक्शन की तैयारियां शुरू कर दी है। जी हां महाराष्ट्र  के 36 जिलों के करीब 1 लाख मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए दो लाख नई ईवीएम मशीनें लगाई गई हैं। आइए यहां जानते है महाराष्ट्र के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी जानकारी क्या है। 

ऐसे में अब जानकारी सामने आ रही है कि इन EVM को हर जिला स्तर पर जिला कलेक्टरों को सौंपा गया है और अब राज्य चुनाव आयोग ने प्राथमिक स्तर पर इनका परीक्षण भी शुरू कर दिया है। इस समय लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश और देशभर के राजनीतिक गलियारों में हलचलें चल रही हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 26 मई 2024 को समाप्त हो रहा है। उससे पहले चुनाव होंगे और नई लोकसभा अस्तित्व में आ जाएगी। महाराष्ट्र चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत देशपांडे ने कहा कि इस चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। 

आपको बता दें कि महाराष्ट्र में करीब एक लाख मतदान केंद्र हैं। इसके लिए दोगुनी मतपत्र इकाइयों (ईवीएम) की आवश्यकता होती है। वर्तमान में राज्य में 61 हजार पूर्णतः क्रियाशील बैलेट इकाइयां हैं। नये 1 लाख 92 हजार बैलेट यूनिट लिये गये हैं। महाराष्ट्र में कुल 2 लाख 53 हजार ऐसी बैलेट यूनिट हैं। 26 हजार पुरानी केंद्रीय इकाइयां हैं। नई 1 लाख 22 हजार केंद्रीय इकाइयां ली गई हैं। कुल एक लाख 48 हजार केंद्रीय इकाइयों को तैयार रखा गया है। 

इसी तरह 22 हजार पुरानी वीवीपैट मशीनें भी अच्छी हालत में हैं। 1.35 लाख नई वीवीपैट मशीनें खरीदी गईं। कुल 1.57 लाख इकाइयों को चुनाव के लिए तैयार रखा गया है. इन सभी ईवीएम का परीक्षण बीएचईएल अधिकारियों, कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों, चुनाव अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने किया जा रहा है। उनके सामने पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग की जाती है और मशीन को सील कर दिया जाता है। फिलहाल 26 जिलों में मशीन का पहला परीक्षण पूरा हो चुका है। अगली दो जांचें मतदान समाप्त होने के बाद की जाती हैं। 

वहीं विधानसभा का कार्यकाल 25 अक्टूबर 2024 को खत्म हो जाएगा। अगर केंद्र सरकार लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी करने को कहेगी तो उसे लोकसभा के लिए जरूरी व्यवस्था से दोगुनी व्यवस्था लागू करनी होगी। ऐसा हुआ तो दूसरे राज्यों से मशीनें मंगवानी पड़ेंगी। अधिकारियों ने कहा कि अगर केंद्र ऐसा करने का फैसला करता है तो इसे अगले दो महीने में तैयार किया जा सकता है। इस तरह महाराष्ट्र में चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही है।