leopard, Thane,
(प्रतीकात्मक तस्वीर)

    Loading

    पुणे: जिले के अंबेगांव तालुका (Ambegaon Taluka) के आदर्श गांव कुरवंडी में अपने घर के बाहर बंधी गाय (Cow) को छोड़ने गई महिला पर तेंदुए (Leopard) ने हमला कर दिया। हालांकि, उसने जोरदार प्रतिरोध किया, जिसने तेंदुए के हमले को नाकाम कर दिया। महिला का नाम कलाबाई देवीदास माटे (41) है। हमले के दौरान कलाबाई घायल हो गईं और उनके सिर पर टांके लगे। उसका इलाज मंचर उप जिला अस्पताल में चल रहा है। 

    माटे के घर के पास ही जंगल है। वह रविवार शाम करीब सात बजे गाय को छोड़ने गई थी। उसके घर के पास पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गहरी चोट आई है। 

    महिला अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी

    माटे के चिल्लाने पर तेंदुआ भाग गया। परिजनों ने घायल माटे को प्राथमिक उपचार के लिए घोडे गांव के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। उसका इलाज कर घर लाया गया। लेकिन उसके सिर का दर्द ठीक नहीं हुआ। उसे इलाज के लिए फिर से मंचर के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. श्वेता गोराने और डॉ सचिन कांबले ने बताया कि सिर पर गहरा घाव और छह टांके लगे हैं।

    तेंदुए से ग्रामीण ख़ौफ़ज़दा

    पांच दिन पहले भी तेंदुए ने इसी गांव के एक पालतू कुत्ते पर हमला किया था। इलाके में तेंदुए का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कई पालतू कुत्तों को तेंदुए ने मार डाला है। नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। सरपंच मनीषा तोत्रे ने मांग की है कि वन विभाग तेंदुए को कैद करने के लिए पिंजरा लगाए।