arrest
File Photo

    Loading

    पिंपरी.  कंपनियों में पानी के टैंकर से पानी सप्लाई की ठेकेदारी के विवाद में अतुल तानाजी भोसले नामक युवक की 14 मई को दिनदहाड़े सरेआम निर्मम हत्या की गई। इस मामले में पांच माह से फरार चल रहे एक और आरोपी को म्हाळुंगे पुलिस ने बीड से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। सौरभ विद्यासागर सोनवणे (21) ऐसे गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम है। इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए 11 आरोपी येरवडा जेल में बंद हैं।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अतुल भोसले ने म्हाळुंगे परिसर की एक कंपनी में दो टैंकर से पानी सप्लाई करने का ठेका लिया था। इस ठेकेदारी को लेकर अक्षय शिवले का अतुल से विवाद चल रहा था। अक्षय ने उसे फोन कर उस कंपनी में पानी सप्लाई का ठेका मुझे चाहिए, यह कहकर उससे झगड़ा किया था। इस मुद्दे पर से दोनों के बीच फोन पर काफी विवाद हुआ। इसके बाद 14 मई की शाम पौने पांच बजे के करीब म्हाळुंगे के ममता स्वीट दुकान के सामने अतुल भोसले को पकड़कर उस पर घातक हथियारों से हमला कर दिया। 

    अतुल को घायलवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो वायरल हो गया। इस बारे में अतुल भोंसले के मित्र अक्षय पंडित बोहाडे (26) ने शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, फिलहाल ये सभी येरवडा जेल में बंद है। वारदात में शामिल सौरभ सोनवणे लगातार फरार चल रहा था। पांच माह बाद पुलिस ने उसे बीड से गिरफ्तार किया। सहायक पुलिस आयुक्त प्रेरणा कट्टे मामले की छानबीन कर रही हैं।