pune traffic jam

    Loading

    पिंपरी: श्रमिकों की नगरी, उद्योगनगरी, औद्योगिक शहर के रूप में परिचित पिंपरी-चिंचवड शहर (Pimpri-Chinchwad City) स्मार्ट सिटी की ओर मार्गक्रमण कर रहा है। समस्त एशिया खंड में तेजी से विकसित और बढ़ने वाले शहर के रूप में पिंपरी-चिंचवड (Pimpri-Chinchwad ) टॉप पर है। इन विशेषणों से जहां खुशी महसूस होती है वहीं इस शहर में जनसंख्या के साथ साथ वाहनों की बढ़ती आबादी चिंता बढ़ा रही है। जहां आज पिंपरी-चिंचवड शहर की आबादी 25 लाख तक पहुंच गई है, वहीं यहां वाहनों की आबादी साढ़े 18 लाख पार कर गई है। वाहनों की बढ़ती संख्या यातयात की समस्या बढ़ाने के साथ ही प्रदूषण बढ़ाने का कारक साबित हो रहा है जिससे शहरवासियों का स्वास्थ्य भी खतरे में आ गया है।

    सबसे तेजी से बढ़ने और विकसित होने वाला पिंपरी-चिंचवड शहर एक श्रमिकों के शहर के साथ ही औद्योगिक शहर रूप में जाना जाता है। इसे देश में सर्वोत्तम शहर के रूप में बेस्ट सिटी का खिताब मिल चुका है। अब यह शजर स्मार्ट और मेट्रो सिटी की ओर आगे बढ़ रहा है। शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भोसरी, चाकन, रांजनगांव, तलेगांव दाभाडे एमआईडीसी, हिंजवडी, तलवडे आईटी पार्क हैं। इसमें लाखों उच्च शिक्षित और अशिक्षित लोगों को रोजगार मिल रहा है। 

    तेजी से बढ़ रही शहर की आबादी

    शिक्षा, व्यवसाय, रोजगार के लिए हर कोने से हजारों लोग आ रहे हैं। पुणे की तुलना में पर्याप्त जमीन की उपलब्धता, खुशनुमा मौसम, शिक्षा और रोजगार- स्वरोजगार के अवसर आदि के चलते यह शहर को रहने के लिए पसंदीदा बन गया है। इससे शहर की आबादी तेजी से बढ़ रही है। बढ़ते नागरिकरण व आबादी के कारण पिंपरी- चिंचवड महानगरपालिका पर मूलभूत नागरी सुविधाएं मुहैया कराने का भार बढ़ रहा है। 

    शहर में 13 लाख दोपहिया पंजीकृत

    सार्वजनिक यातायात के साधन की कमीं के कारण लोग अपने स्वयं के वाहनों का उपयोग करना पसंद करते हैं। वैकल्पिक रूप से, शहर में आबादी के साथ वाहनों की संख्या बढ़ रही है और पुणे की तुलना में प्रशस्त और चौड़ी सड़कें अपर्याप्त होती जा रही हैं। तीन साल में शहर में वाहनों की संख्या में साढ़े तीन लाख का इजाफा हुआ है। 2020-21 की तुलना में 2021-22 में वाहन पंजीकरण की संख्या में वृद्धि हुई है। शहर में फिलहाल 18 लाख 68 हजार 463 वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 12 लाख 96 हजार 187 दुपहिया, 3 हजार 479 तिपहिया, 27 हजार 722 ऑटो रिक्शा, 3 लाख 83 हजार 573 कारें, 13 हजार 343 बसें, 92 हजार 348 ट्रक और 51 हजार 811 अन्य वाहन हैं। पिंपरी चिंचवड़ शहर में दोपहिया वाहनों की संख्या हर साल हजारों की संख्या में बढ़ रही है। 2019 में आंकड़े सामने आए हैं कि इसी साल 1 लाख से अधिक नागरिकों ने दोपहिया वाहन खरीदे हैं। खुलासा हुआ है कि शहर में अब तक 12 लाख 96 हजार 187 दोपहिया वाहन पंजीकृत हैं।

    बढ़ रहा वायु और ध्वनि प्रदूषण

    पिंपरी-चिंचवड शहर की सड़कों पर निजी वाहन वायु प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं। निजी वाहनों की संख्या जितनी अधिक होती है, सड़कों पर यातायात की भीड़ उतनी ही अधिक होती है, वाहनों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन का निर्धारण उतना ही अधिक होता है। इससे शहर में वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। शहर में वाहनों के बढ़ते उपयोग के कारण, हवा में सल्फर डाइऑक्साइड बढ़ गई है। पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका में पर्यावरण की मौजूदा स्थिति दर्शाने वाली पर्यावरण रिपोर्ट के अनुसार, शहर क्षेत्र में सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन, पार्टिकुलेट मैटर, कार्बन मोनोऑक्साइड वायु सामग्री प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित निर्धारित सीमा के भीतर है। हालांकि, यह देखा गया है कि मानसून के दौरान स्तर तुलनात्मक रूप से कम हो जाता है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में ध्वनि स्तर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक है।