पुणे. मराठी फिल्म इंडस्ट्री की एक एक्ट्रेस (Maratha Film Actress) को शादी का झांसा देकर रेप के आरोप में सोलापुर (Solapur) में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का नाम विराज रविकांत पाटिल (35) है। वह, रॉयल पाम, सोरेगांव, सोलापुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ सोलापुर में हुए गैंगवार में गंभीर मामले दर्ज है। एक समय पर उसके पिता का यहां दबदबा हुआ करता था।
32 साल की पीड़ित एक्ट्रेस ने एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार और हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता मॉडलिंग करती है। उसने मराठी फिल्मों में अभिनय किया है। हालांकि, फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है।
विराज पाटिल से एक्ट्रेस की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए। इसके बाद विराज ने एक्ट्रेस से अपनी पहली पत्नी को तलाक देने के बाद शादी करने का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद विराज ने एक्ट्रेस से संपर्क कम कर दिया। हालांकि, जब अभिनेत्री ने उससे शादी के बारे में पूछना शुरू किया तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद वह विराज से आमने-सामने मिलीं और उससे कड़े सवाल किए। तभी विराज ने उस पर पिस्तौल तान दी और बोला कि मैं शादी नहीं करूंगा। साथ ही उसने धमकी दी कि अगर तुम पुलिस के पास जाओगी तो मैं तुम्हें दिखा दूंगा कि मैं कौन हूं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।