कुरुली में डकैती विरोधी दस्ते की बड़ी कार्रवाई, 43 लाख का प्रतिबंधित गुटखा बरामद

    Loading

    पिंपरी : उत्पादन, बिक्री, स्टॉकिंग पर प्रतिबंध रहने के बावजूद चारों ओर गुटखा पान मसाला (Tobacco Pan Masala) की धड़ल्ले से खरीद फरोख्त जारी है। गुटखा स्मगलरों की नकेल कसने में जुटी पिंपरी-चिंचवड पुलिस (Pimpri-Chinchwad Police) के डकैती विरोधी दस्ते (Anti-Dacoity Squad) ने कुरुली निघोजे रोड पर गुटखा की बड़ी खेप पकड़ी है। नव वर्ष की पूर्वसंध्या पर की गई इस कार्रवाई में 43 लाख रुपए का प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया गया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

    गिरफ्तार आरोपियों में राजू राम देवासी (21), राकेश बीजराम देवासी (19), दुधाराम बेहरराम देवासी (29), श्रावण कुमार धनेशराम देवासी (29, सभी निवासी चिखली, पुणे) के साथ ट्रक चालक गोकुल मुरलीधर योगी (34 निवासी नासिक) का समावेश है। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि गुटखे की यह बड़ी खेप गुटखा स्मगलर नरेश देवासी ने मंगाई थी। उनके खिलाफ म्हाळुंगे पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है।

    पुलिस के मुताबिक, जब 31 दिसंबर और भीमा कोरेगांव शौर्य दिवस पर पुलिस कांस्टेबल विनोद वीर और दस्ते के पुलिस नायक गणेश हिंगे कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा अभियान चला रहे थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि गुटखा से भरा एक टेंपो कुरुली-निघोजे रोड के बाईं ओर दीक्षिका लॉजिस्टिक्स कंपनी के सामने खुली जगह में पास में रुका है। जब पुलिस टीम यहां पहुंची तब माल से भरा एक ट्रक दूसरे पिकअप में लोड किया जा रहा था। उस समय पुलिस ने जाल बिछाया और सभी को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने 43 लाख 3 हजार 200 रुपए का गुटखा और तंबाकू, 10 लाख रुपए का टेंपो और 5 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप, कुल 58 लाख 3 हजार 200 रुपए का माल जब्त किया है। इस कार्रवाई को डकैती विरोधी दस्ते के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रामदास इंगवले, सहायक पुलिस निरीक्षक अंबरिष देशमुख, उपनिरीक्षक मंगेश भांगे, भरत गोसावी, कर्मचारी सागर शेडगे, गोविंद सुपे, राजेश कौशल्य, विक्रांत गायकवाड की टीम ने अंजाम दिया।