Pune NCP Protest

    Loading

    पुणे: महाराष्ट्र (Maharashtra) में सरकार (Government) को बने लगभग एक महीना हो रहा है, फिर भी अभी तक दो ही मंत्री काम कर रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार क्यों नहीं किया जा रहा? यह महाराष्ट्र की जनता का अपमान है। सरकार तत्काल अधिवेशन बुलाकर मंत्रिमंडल का विस्तार करे और सभी पालकमंत्रियों (Guardian ministers) की नियुक्ति करे, ऐसी मांग राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) ने की है।

     पुणे शहर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप के नेतृत्व में विभिन्न मांगों के लिए पुणे जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आंदोलन किया। इस वक्त प्रशांत जगताप ने कहा कि  पुणे शहर और जिला राज्य का एक प्रमुख शैक्षणिक औद्योगिक और राजनैतिक केंद्र है, लेकिन पिछले एक महीने से यहां का कामकाज बिना पालकमंत्री के हो रहा है। जनता की समस्या पर ध्यान नहीं है, ऐसा जगताप ने आरोप लगाया है।

    आत्महत्या किए किसानों को सहायता दें

    राज्य की मंत्रिमंडल में केवल मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री केवल यह दोनों ही काम कर रहे हैं। पिछले एक महीने में राज्य के विभिन्न भागों में 89 किसानों द्वारा आत्महत्याएं की गई हैं। देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य सरकार की स्थापना के बाद एक महीने के अंदर इतने अधिक किसानों ने आत्महत्याएं की है। यह महाराष्ट्र के लिए शर्मनाक बात है। राज्य की आपातकालीन स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार तत्काल अधिवेशन बुलाए और बाढ़ प्रभावित घोषित करते हुए मृतक 89 किसानों के परिवारों के लिए सहायता राशि जारी करे, ऐसी मांग इस समय शहर अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने की।

    …तो इन विभागों के काम किसके भरोसे किए जाएंगे

    इसी के साथ राज्य पर अतिवृष्टि का संकट मंडरा रहा है। इस आपातकालीन स्थिति में यदि मंत्री ही नहीं होंगे तो इन विभागों के काम किसके भरोसे किए जाएंगे? ऐसा सवाल प्रशांत जगताप ने उठाया। इस आंदोलन में एनसीपी के प्रवक्ता प्रदीप देशमुख, मृणालिनी वाणी, किशोर कांबले, विक्रम जाधव, आनंद सवाने, समीर शेख, दीपक जगताप, वेणु शिंदे, शांतनु जगदाले, नाना नलावड़े, महेंद्र पठारे और प्रदीप गायकवाड और अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।