Jadu Tona, Black Magic
Representational Pic (File Photo)

    Loading

    पुणे: वैकुंठ श्मशान भूमि में जलती चिता के पास अघोरी पूजा (Aghori Puja) कर जादू-टोना करने की घटना सामने आई है। पुलिस की (Police) जांच में पता चला है कि मां को कैंसर (Cancer) से ठीक करने के लिए यह अघोरी जादू-टोना किया गया। इस घटना से पुलिस भी हैरान है। मामले की सख्ती से जांच की जा रही है। 

    श्मशान भूमि में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने इस अघोरी पूजा का पर्दाफाश किया है। इस मामले में किन्नर लक्ष्मी निबाजी शिंदे (31, मुंबई) और मनोज अशोक धुमाल (22, पुणे) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।

    सिक्योरिटी गार्ड ने देखा

    वैकुंठ श्मशान भूमि में गुरुवार को यह घटना हुई थी। गुरुवार की मध्य रात्रि डेढ़ बजे दो लोगों को एक जलती चिता के पास पूजा करते हुए सिक्योरिटी गार्ड ने देखा था। सिक्योरिटी गार्ड ने तत्काल इसकी जानकारी विश्रामबाग पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को कस्टडी में ले लिया। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सुनील माने और उनकी टीम ने दोनों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अशोक धुमाल की मां को कैंसर है। इस बीमारी से लक्ष्मी शिंदे छुटकारा दिलाने वाली थी। लक्ष्मी शिंदे मुंबई की रहने वाली है और दोनों गुरु शिष्य है। लक्ष्मी ने अशोक को बताया था कि उसकी मां की बीमारी किसी और के बदन में डाल देंगे। इसलिए यह पूजा की। इसके लिए एक मुर्गी, दस से बाहर लोगों का फोटो, नींबू, हल्दी कुंकुं और अन्य सामान रखकर पूजा शुरू की थी, लेकिन इससे पूर्व ही उन्हें पकड़ लिया गया।

    कैंसर से छुटकारा दिलाने किया कृत्य

    पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पता चला कि कैंसर की बीमारी से छुटकारा दिलाने और उसे दूसरे व्यक्ति के बदन में डालने के लिए पूजा कर रहे थे। इसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच चल रही है। लक्ष्मी पुलिस से कह रही थी कि ऐसा संभव है, जबकि पुलिस ने साबित कर दिया कि ऐसा कुछ नहीं होता है।

    पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई है। उनके द्वारा लाए गए फोटो परिवार या पहचान मृतक से संबंधित नहीं है। ये दूसरे लोगों के फोटो थे। दूसरे के बदन में कैंसर चला जाए, इसके लिए पूजा करने की बात उन्होंने बताई है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होता है। यह गलत और अघोरीपन है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों गुरु शिष्य हैं। मनोज मुंबई जाता रहता था। इसी दौरान उनकी पहचान हुई थी।

    -सुनिल माने, सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर, विश्रामबाग पुलिस स्टेशन