नवी मुंबई में 16 इलेक्ट्रिक बाइक जब्त, जानें क्या है पूरा मामला

    Loading

    नवी मुंबई: इलेक्ट्रिक बाइक (Electric Bike) की रफ्तार (Speed) में हेराफेरी करने का मामला प्रकाश में आया है, इस मामले में नवी मुंबई (Navi Mumbai) उप प्रादेशिक परिवहन विभाग द्वारा 16 इलेक्ट्रिक बाइक को जब्त (Seized) किया गया है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ऐसी जानकारी नवी मुंबई उप प्रादेशिक परिवहन विभाग की मुख्य अधिकारी हेमांगिनी पाटिल द्वारा मीडिया को दी गई।

    हेमांगिनी पाटिल के अनुसार, नवी मुंबई उप प्रादेशिक परिवहन कार्यालय के तहत आने वाले क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बाइक की रफ्तार बढ़ाने के लिए उसमें लगे स्पीड लिमिट डिवाइस प्लग को निकाल दिया जाता है, ऐसी गुप्त जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर इलेक्ट्रिक बाइक की जांच करने अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत 16 इलेक्ट्रिक बाइक को जब्त किया गया है। इस तरह का बदलाव डीलर द्वारा किया गया है या वाहन के मालिक द्वारा किया गया है, इसके बारे में छानबीन जारी है।

    की जाएगी कानूनी कार्रवाई

    हेमांगिनी पाटिल ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल से प्रदूषण घट रहा है। इस तरह की वाहन पर्यावरण के संरक्षण के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं, इस तरह की वाहनों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, ऐसी अपील इलेक्ट्रिक बाइक के डीलर और खरीदारों से की जा रही है। इसके बाद भी यदि किसी की इलेक्ट्रिक बाइक में हेराफेरी किया तो उसकी बाइक को जब्त करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    25 किलोमीटर है स्पीड लिमिट

    नवी मुंबई उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रशांत शिंदे ने मीडिया को बताया कि इलेक्ट्रिक बाइक की अधिकतम स्पीड 25 किलोमीटर तक सीमित करने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक में डिवाइस प्लग लगाया गया है। जांच करने पर पता चला है कि बाइक की रफ्तार को बढ़ाने के लिए लोग डिवाइस प्लग को निकाल देते हैं, जिसकी वजह से बाइक की रफ्तार 50 किलोमीटर तक हो जाती है। इस तरह की हेराफेरी से हादसा होने की संभावना बढ़ जाती है।