Vinod Pandit Mira Road

Loading

मीरा रोड: नया नगर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर एक ऐसे ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। जो खुद को हस्त रेखा विशेषज्ञ और काले जादू का जानकार बात कर सोशल मीडिया पर प्रचार करता था और ग्राहकों को फंसाता था। गिरफ्तार आरोपी का नाम संतोष पोतदार उर्फ विनोद पंडित (55) है। आरोप है कि इसने जादू-टोने की आड़ में एक महिला से दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें खींच ली थी। आरोपी पोतदार के खिलाफ 2019 में भी नया नगर पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।

नया नगर पुलिस के अनुसार संतोष पोतदार उर्फ ​​विनोद पंडित ने फेसबुक पर हस्तरेखा विशेषज्ञ विनोद पंडित के नाम से एक पेज शुरू किया था। साथ ही मोहिनी अपार्टमेंट, शांति नगर, मीरा रोड में अपनी एक दुकान खोली थी। वह काली विद्या, जादू-टोना जानने का दावा करता था। इस फेसबुक पेज पर उसने प्रचारित किया था कि अगर वैवाहिक जीवन में परेशानियां और किसी तरह की अन्य परेशानियां हैं तो इस उपाय से दोष दूर किया जाएगा।

जोगेश्वरी में रहने वाली एक महिला को नौकरी नहीं मिल रही थी। उसने पोतदार की फेसबुक पर विज्ञापन पढ़कर उससे संपर्क किया था। पोतदार ने उसका विश्वास जीत लिया और जादू-टोना के नाम पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया। बाद में पीड़ित महिला की अन्यत्र शादी हो गई, लेकिन एक वर्ष के भीतर ही पीड़ित महिला के वैवाहिक जीवन में समस्या आने लगी। तो वह फिर से पोतदार से मिली। लेकिन इस ढोंगी बाबा पोतदार ने जादू-टोने के नाम पर उसके साथ अप्राकृतिक बलात्कार किया। इस दौरान बाबा ने उसकी अश्लील तस्वीरें खींच ली। इन तस्वीरों के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल कर तीन साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।

आखिर में तंग आकर महिला ने नया नगर पुलिस थाने का दरवाजा खटखटाया जहां पुलिस ने संतोष पोतदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2) (एन), 377, 506 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (बी) के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही महाराष्ट्र नरबली और अन्य अमानवीय और अघोरी प्रथाओं का उन्मूलन अधिनियम, 2013 के तहत भी मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल में मिली 3 अन्य महिलाओं की अश्लील तस्वीर
नया नगर के पुलिस निरीक्षक अब्दुल हक देसाई ने बताया की आरोपी पोतदार के मोबाइल फोन में तीन अन्य महिलाओं की अश्लील तस्वीरें मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि वह कई महिलाओं को अपने जाल में फंसा रखा था। नया नगर पुलिस ने पोतदार से ठगी की शिकार महिलाओं से थाने में संपर्क करने की अपील की है।