Wonder Park

    Loading

    -राजीत यादव

    नवी मुंबई: 21वीं सदी के आधुनिक शहर के रूप में नवी मुंबई (Navi Mumbai) की पहचान बनी है। इस पहचान को और निखारने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं को साकार किया गया है। जिसमें नेरुल के सेक्टर-19 स्थित वंडर्स पार्क (Wonder Park) के परिसर में विश्व स्तर के साइंस पार्क (Science Park) के निर्माण का समावेश है। जो आने वाले वर्ष में नवी मुंबई में आने वाले पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा। यहां पर आने वालों को विश्व स्तर के विज्ञान का ज्ञान मिलेगा।

     गौरतलब है कि नेरुल स्थित वंडर्स पार्क के परिसर में 19,500 वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा साइंस पार्क का निर्माण किया जा रहा है। जिसके प्लिंथ का काम मई 2022 हो पूरा हुआ था। अब इस के कॉलम और स्लैब का काम किया जा रहा है। 2023 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह काम किस तरह से हो रहा है, इसका निरीक्षण महानगरपालिका के शहर अभियंता संजय देसाई के द्वारा समय-समय पर किया जा रहा।

    साइंस पार्क को रखा जाएगा अपडेट

    साइंस पार्क के निर्माण कार्य को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य के दौरान साइंस पार्क में क्या होगा, इस योजना के तहत काम किया जा रहा है। प्रौद्योगिकी में तेजी से हो रहे बदलावों के कारण साइंस पार्क को अपडेट रखा जाएगा, ताकि यहां पर आने वाले नागरिकों को नवीनतम अनुभव हो सके।

    विज्ञान से संबंधित सारी जानकारी मिलेगी

    नेरुल में बन रहे अत्याधुनिक साइंस पार्क में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से संबंधित सभी जानकारी का अप-टू-डेट विभिन्न माध्यमों द्वारा रखा जाएगा। जिसे 3डी इमेजेस और ऑडियो-वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। जो विज्ञान की जानकारी लेने के इच्छुक लोगों को आकर्षित करेगा। इस माध्यम से शिक्षा के मामले में छात्रों के ज्ञान में जहां वृद्धि होगी, वहीं नागरिकों के लिए दिलचस्प उपकरणों के साथ नवीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    देश में सबसे अलग मॉडल बनाने पर जोर

    इस साइंस पार्क में प्रदर्शित होने वाली विभिन्न विशेषताओं, सुविधाओं और परियोजनाओं को प्रदान करते समय देश के सभी साइंस पार्क का ध्यानपूर्वक अध्ययन किया जा रहा है। साइंस पार्क का मॉडल विश्व स्तर पर बने अन्य साइंस पार्क से अलग हो इस बात का विशेष तौर से ध्यान दिया जा रहा है।

    नेरुल में बन रहा साइंस पार्क निकट भविष्य में नवी मुंबई में घूमने के लिए सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में से एक होगा। इसके लिए नवी मुंबई महानगरपालिका के इंजीनियरिंग विभाग को इसके काम की अच्छी गुणवत्ता को बनाए रखते हुए समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

    - संजय देसाई, शहर अभियंता, नवी मुंबई महानगरपालिका