Palm Beach

    Loading

    नवी मुंबई: पामबीच मार्ग (Palm Beach Road) को सायन-पनवेल मार्ग (Sion-Panvel Road) से जोड़ने की योजना नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा बनाई गई है। जिसके लिए नवी मुंबई महानगरपालिका के शहर अभियंता द्वारा वाशी के सेक्टर-17 में आर्म ब्रिज बनाने की रूपरेखा बनाई गई है।इस काम पर लगभग 11 कोरोड़ 50 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान महानगरपालिका के संबंधित विभाग द्वारा लगाया गया है।

    गौरतलब है कि वाशी से गुजरने वाले सायन-पनवेल मार्ग पर जाने के लिए पाम बीच मार्ग से कोई व्यवस्था नहीं है। जिसकी वजह से इस मार्ग का उपयोग करने वालों को वाशी के सेक्टर-17 स्थित वाशी प्लाजा या तुर्भे होकर सायन-पनवेल मार्ग पर जाना पड़ता है। 

    दो किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है

    जिसके लिए वाहन चालकों को लगभग दो किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। जिसमें वाहन चालकों का लगभग 20 मिनट का समय व्यर्थ में जाया होता है। वाहन चालकों को होने वाली इन दोनों परेशानियों को दूर करने के लिए महानगरपालिका के शहर अभियंता विभाग ने वाशी के सेक्टर-17 से गुजरने वाले पामबीच मार्ग को आर्म ब्रिज द्वारा सीधे सायन-पनवेल मार्ग से जोड़ने की योजना बनाई है।

    डिजाइन में किया जा रहा बदलाव

    नवी मुंबई महानगरपालिका के शहर अभियंता संजय देसाई के अनुसार, वाशी से गुजरने वाले मुख्य नाला पर कल्वर्ट बनाकर पामबीच मार्ग को सायन-पनवेल मार्ग को जोड़ने की योजना बनाई गई थी, जिसे सीआरजेड प्राधिकरण ने उचित नहीं बताते हुए योजना में बदलाव करने का सुझाव दिया था। जिसके अनुसार अब कल्वर्ट की बजाय नाले में पिलर खड़ा कर के आर्म ब्रिज द्वारा सायन-पनवेल मार्ग से पामबीच मार्ग को जोड़ने के लिए नई डिजाइन तैयार की गई है। जिसे सीआरजेड प्राधिकरण की मंजूरी मिलने पर उक्त महत्वपूर्ण काम को शुरू किया जाएगा।

    सिडको ने बनाया था सिर्फ आने का मार्ग

    मौजूदा समय में वाशी से गुजरने वाले सायन-पनवेल मार्ग से वाहनों के पाम बीच मार्ग पर आने की सुविधा है, लेकिन यहां से उक्त मार्ग पर वाहनों के जाने के लिए सिडको द्वारा व्यवस्था नहीं की गई थी। सिडको द्वारा की गई भूल की वजह से उक्त समस्या उत्पन्न हुई है। जिसे सुधारने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका ने उक्त आर्म ब्रिज बनाने की कवायद शुरू की है।