Maharashtra Bhushan Award

Loading

नवी मुंबई: खारघर में आयोजित किए गए डॉ. अप्पासाहेब धर्माधिकारी (Dr. Appasaheb Dharmadhikari) के महाराष्ट्र भूषण सम्मान (Maharashtra Bhushan Award) समारोह में हिस्सा लेने के लिए पूरे महाराष्ट्र से इस कदर लोग शामिल होने के लिए आए कि सम्पूर्ण खारघर (Kharghar) की सड़कें अप्पासाहेब के अनुयायियों से पट गयी थी। खारघर की सड़कों पर किलोमीटरों तक सिर्फ लोग ही लोग नजर आ रहे थे। 

हालांकि अप्पासाहब की अनुयायियों के लिए महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Govt.) ने सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी थी। प्रशासन ने हर संभव प्रयास किया कि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। समारोह स्थल पर आए अनुयायियों पर हेलीकॉप्टर के जरिए लगातार पुष्पवर्षा की जा रही थी। 

समारोह स्थल पर उपलब्ध थी पेयजल की सुविधा 

भीषण गर्मी को देखते हुए महाराष्ट्र शासन ने अप्पासाहब के अनुयायियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई थी इसके लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गयी थी और पानी पीने के लिए नल भी लगाए गए थे। हालांकि अप्पासाहेब संस्थान के स्वयंसेवक समारोह स्थल पर आए हुए अनुयायियों के बीच पानी की बोतले पहुंचाते हुए भी देखे जा रहे थे। समारोह स्थल पर लगभग 600 स्वयंसेवक काम कर कर रहे थे। 

टायलेट और शौचालयों का था पर्याप्त इंतजाम 

महाराष्ट्र शासन ने समारोह स्थल पर आने वाले अनुयायियों के लिए पर्याप्त टॉयलेट तथा शौचालयों के भी इंतजाम किये थे। इन शौचालयों को जगह-जगह खड़ा किया गया था। समारोह स्थल पर कचरा न हो इसके लिए जगह-जगह पर डस्टबिन भी लगाए गए थे। इन टायलेट्स में पर्याप्त पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गयी थी। 

मौजूद थी डॉक्टरों की टीमें 

समारोह स्थल में किसी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की कई टीमें तैनात की गयीं थी। समारोह स्थल पर एम्बुलेंसों को तैयार रखा गया था। समारोह स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गयी थी। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा कई मंत्री भी मौजूद थे। इसी के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पर पुलिस की कई टुकड़ियों को तैनात किया गया था। जो सुरक्षा को लेकर सतर्क थे। समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर नवी मुंबई पुलिस कमिश्नर खुद नजर रखे हुए थे। 

लोगों को जाम का सामना करना पड़ा 

पुरस्कार समारोह को लेकर नवी मुंबई यातायात विभाग द्वारा कई तरह के उपाय किए गए थे। इस बात का विशेष ध्यान रखा गया था कि समारोह की वजह से लोगों को यातायात जाम की समस्या का सामना न करना पड़े, लेकिन भीड़ की वजह से सायन-पनवेल महामार्ग पर वाहनों की भीड़ बढ़ जाने की वजह से आने वाले लोगों को लम्बे जाम का भी सामना करना पड़ा। 

समारोह पर सरकार ने खर्च किए 14 करोड़ रुपए!

नवी मुंबई स्थित खारघर के सेंट्रल मैदान पर जिस भव्य तरीके से महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया था उस देखते हुए लोगों में इस बात की जिज्ञासा भी थी कि इस आयोजन पर आखिर कितना पैसा खर्च हुआ है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए गए इस कार्यक्रम पर लगभग 14 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। सेंट्रल मैदान में की जाने वाली साज सज्जा और अन्य कार्यों को करने के लिए 13 करोड़ 62 लाख 51 हजार का टेंडर निकाला गया था। इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए सांस्कृतिक कार्य संचनालय की तरफ से वर्क ऑफ स्कोप तैयार किया गया था। जिसमें अनुमान लगाया गया था की इस आयोजन में लगभग 14 करोड़ रुपए के आसपास की धनराशि खर्च होगी, जिसके बाद कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गयी थी। इस खर्च में टैक्स को जोड़ा नहीं गया है।