विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शहर में जो एलईडी स्क्रीन लगवाया था, उसे महानगरपालिका ने तोड़ा

    Loading

    ठाणे : कलवा इलाके में विधायक निधि (MLA Fund) से लगाई गई एलईडी स्क्रीन (LED Screen) सोमवार को महानगरपालिका (Municipal Corporation) द्वारा की गई अचानक कार्रवाई से शहर की राजनीति (Politics) गरमा गई है। स्थानीय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) के विधायक जितेंद्र आव्हाड (MLA Jitendra Awhad) ने ट्वीट कर यह सवाल भी उठाया है कि यह कितना बदले की राजनीति है, इसका जिक्र करते हुए किसके कहने पर यह बोर्ड को तोड़ा गया। आव्हाड का यह ट्वीट शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, राष्ट्रवादी के ठाणे शहर जिला अध्यक्ष आनंद परांजपे ने महानगरपालिका के इस प्रकार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाया है कि ऐसे कृत्य करने वाले के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।  क्या महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर का भी इसमें हाथ है। यदि इस प्रकार महानगरपालिका द्वेष की राजनीति पार्टी देखकर करेगी तो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी। 

    गौरतलब हो कि वर्तमान समय ठाणे में बालासाहेब की शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति चल रही है। रविवार को सांसद श्रीकांत शिंदे के कल्याण निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलवा और मुंब्रा में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।  इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ही कुछ पूर्व नगरसेवकों में से मुख्यतः राजन किने, अनीता किने और विश्वनाथ भगत ने सांसद श्रीकांत शिंदे के समर्थन में बैनर लगाकर एक प्रकार से स्थानीय एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड को चिढ़ाने का काम किया था। साथ ही इलाके में लगे इस प्रकार के बैनरों को लेकर राजनीति गरमा गई है। 

    बदले की राजनीति: आव्हाड 

    इसके बाद अचानक सोमवार को कलवा पूर्व में विधायक निधि से किए गए कार्यों का उल्लेख करने वाले एलईडी बोर्ड को तोड़ कर कर उसे सुबह हटा दिया गया। इसको लेकर विधायक आव्हाड ने ट्वीट किया है और कहा है कि यह बदले की राजनीति है। 

    एनसीपी कार्यकर्ताओं में बढ़ी नाराजगी  

    वहीं, यहां के सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद मोरे ने सोशल मीडिया पर कहा है कि गद्दार सेना के सांसद और शकुनी मामा के आदेश के बाद यह बोर्ड हटाया गया है। इसी तरह के एलईडी स्क्रीन पूरे ठाणे में लगाए गए हैं। लेकिन इतना गुस्सा सिर्फ यहाँ के विकास पुरुष आव्हाड पर ही क्यों? इस तरह का सवाल उठाकर इस कार्रवाई की निंदा की गई है। 

    वहीं नगर अध्यक्ष आनंद परांजपे ने महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर पर निशाना साधा, क्या उन्हें शहर में लगे अन्य एलईडी बोर्ड नहीं दिखे? ऐसा सवाल उठाया गया है। इसके लावा एनसीपी के अन्य कार्यकर्ताओं में भी इस मामले को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। ऐसे में कुल मिलाकर लग रहा है कि बदले की इस राजनीति में आगामी दिनों में गुबार निकलकर बाहर आ सकता है।