Uran News

    Loading

    नवी मुंबई: निवेश की राशि को दोगुना करने का झांसा देकर सैकड़ों निवेशकों चूना लगाने वाले  दो ठगों को उरण पुलिस (Uran Police) ने जाल बिछाकर गिरफ्तार (Arrested) करने में सफलता पाई। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के पास से 10 करोड़ की नकदी (10 Crore Cash ) और एक कार जब्त किया है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 5 दिन तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

     नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल- 2 के उपायुक्त पंकज डहाणे के अनुसार, उक्त मामले में सतीश विष्णु गावंड और शशिकांत अनंत गावंड को गिरफ्तार किया गया है। 

    सैकड़ों लोगों के साथ ठगी की आशंका

    सतीश गावंड उरण तहसील के पिरकोन गांव का रहने वाला है, जिसने शशिकांत गावंड के साथ मिलकर उरण तहसील के नागरिकों को एक लाख रुपए  या उससे अधिक का निवेश पर 50 दिन के बाद 40 प्रतिशत की दर से मुनाफे के साथ रुपए लौटाने का प्रलोभन दिया। इस प्रलोभन की वजह से सैकड़ों लोग इन दोनों के झांसे में आ गए और उसे लाखों रुपए दिए। सैकड़ों लोगों के साथ ठगी की आशंका को देखते हुए राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव भावना घाणेकर ने इसकी सूचना उरण पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही थी।

    पीड़ित लोगों ने नहीं दर्ज कराई शिकायत

     उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए उरण पुलिस ने उरण तहसील के पिरकोन, भेंडखल और आसपास के गांवों में ग्रामीणों के साथ बैठक की और उन्हें इस तरह के प्रलोभनों का शिकार न होने और इस तरह से निवेश करने पर ठगे जाने की जानकारी दी। इसी तरह अगर किसी के साथ इस तरह की ठगी हो रही है तो उनसे शिकायत करने की अपील की, लेकिन सतीश गावंड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई आगे नहीं आया। इसलिए उरण पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस की एक टीम नियुक्त की गई। इस टीम को खबर मिली कि सतीश और शशिकांत लोगों के निवेश की रकम को एक वाहन से दूसरे वाहन में ले जा रहे है। जिसके आधार पर पुलिस की टीम ने शुक्रवार की रात उरण के खोपटा चौक पर जाल बिछाकर उक्त दोनों को गिरफ्तार किया।