cbd parking

    Loading

    नवी मुंबई: वाहन पार्किंग (Vehicle Parking) की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा ठोस नियोजन किया जा रहा है। इसी नियोजन के तहत सीबीडी के सेक्टर-15 स्थित भूखंड क्रमांक- 39 पर महानगरपालिका द्वारा 4 मंजिल वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके लिए महानगरपालिका द्वारा लगभग 37 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। जनवरी 2023 तक इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बहुमंजिली वाहन पार्किंग में 476 चार पहिया और 121 बाइक पार्क की जा सकेगी।

     सीबीडी में बन रहे उक्त बहुमंजिली वाहन पार्किंग के काम का निरीक्षण महानगरपालिका के शहर अभियंता संजय देसाई समय-समय पर किया जाता। उन्होंने इमारत के पास स्थित महावितरण के सब-स्टेशन के कारण जरूरत के अनुसार बदलाव कर के काम शुरू कराया है। भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या के बढ़ने का अनुमान लगाते हुए, इस बहुमंजिली वाहन पार्किंग में चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव शहर अभियंता देसाई ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया है।

    एयरपोर्ट और बंदरगाह से बढ़ा सीबीडी का महत्व

    सिडको द्वारा सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट के तौर पर सीबीडी में सबसे अधिक कमर्शियल भूखंडों की बिक्री की गई थी। जिसकी वजह से यहां पर सबसे अधिक कमर्शियल इमारतों का निर्माण किया गया है। जिसमें देश-विदेश की तमाम कंपनियों के कार्यालय हैं। इसके अलावा सीबीडी में कोर्ट, सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय, नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय और नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय है। नवी मुंबई के निर्माणाधीन एयरपोर्ट के लिए अडानी ग्रुप ने भी अपना कार्यालय सीबीडी के सेक्टर-15 में स्थापित किया है। यहां से जेएनपीटी बंदरगाह भी नजदीक है। जिसकी वजह से शिपिंग कंपनियों के कार्यालय भी यहां पर भारी संख्या में है। इन सबकी वजह से सीबीडी का महत्व काफी बढ़ गया है।

    हर दिन हजारों लोगों का होता है आना-जाना

    सीबीडी में उक्त सभी मुख्यालयों और कार्यालयों की वजह से सीबीडी में हर दिन भारी संख्या मे लोग काम के सिलसिले में आते है। नवी मुंबई एयरपोर्ट के शुरू होने पर सीबीडी में आने जाने वाले लोगों की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना नजर आ रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा उक्त बहुमंजिली वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

    नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा किए जा रहे काम की गुणवत्ता उत्तम रखने की जिम्मेदारी महानगरपालिका के अभियंताओं का मुख्य कर्तव्य है। काम को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करना जरूरी है। इन सभी पर गंभीरता से ध्यान देने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया है। बहुमंजिली वाहन पार्किंग समय की मांग है। जिसे ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका प्रशासन द्वारा सीबीडी में उक्त व्यवस्था की जा रही है।

    - संजय देसाई, शहर अभियंता, नवी मुंबई महानगरपालिका