buldhana

Loading

नागपुर: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से 25 यात्रियों की झुलसकर मौत हो गई जबकि आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एक निजी ट्रेवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे बस डिवाइडर से टकरा गई और इसमें आग लग गई। बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील कडासने ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का एक टायर फट जाने से वाहन एक खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस दुःख घटना पर राष्ट्रपति मुर्मू सहित इन नेताओं ने अपना दुख व्यक्त किया है। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुःख 

बुलढाणा में शुक्रवार देर रात हुई भीषण बस दुर्घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक बस में आग लगने से कम से कम 25 यात्रियों की झुलसने से मौत हो गई जबकि आठ यात्री घायल हैं। पुलिस ने बताया कि निजी बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे सिंदखेडराजा के पास बस डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई भीषण दुर्घटना बेहद परेशान करने वाली है, जिसमें बच्चों और महिलाओं सहित कई अनमोल जिंदगियां खत्म हो गईं।” उन्होंने कहा, ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

 

PM मोदी ने संवेदना व्यक्त की 

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई भीषण बस दुर्घटना की खबर सुनकर दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।”

हादसे को लेकर गडकरी ने कहा.. 

सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, ”बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर बस दुर्घटना में 25 लोगों की मृत्यु की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, दर्दनाक और दुखद है। दुर्घटना के पीड़ितों को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। ईश्वर दिवंगत को शांति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।”

 

तेलंगाना के CM चंद्रशेखर राव ने जताया दुःख 

 तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में एक्सप्रेस-वे पर हुए एक बस हादसे में 25 लोगों की मौत पर शनिवार को शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुख्यमंत्री राव ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राव ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के बुलढाणा में शुक्रवार देर रात हुई भीषण बस दुर्घटना पर दुख जताया और कहा कि घायलों को उपचार मुहैया कराया जा रहा है। बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक बस में आग लगने से कम से कम 25 यात्रियों की झुलसने से मौत हो गई। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। दु:ख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” पुलिस ने बताया कि निजी बस नागपुर से पुणे जा रही थी, रास्ते में देर रात करीब डेढ़ बजे सिंदखेडराजा के पास बस डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। 

 

CM शिंदे ने दिए जांच के आदेश 

 अधिकारी ने बताया कि बस में सवार 33 यात्रियों में से 25 की झुलसने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी आठ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और वे सुरक्षित हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है। 

 

DCM देवेन्द्र फडणवीस ने कहा… 

उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल है, पहचान नहीं हो पाने की स्थिति में डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने कहा कि ‘विदर्भ ट्रेवल्स’ की बस शुक्रवार शाम चार बजे नागपुर से पुणे के लिए निकली थी। पुलिस ने बताया कि रात के खाने के लिए बस यवतमाल जिले के कारंजा में रुकी थी और यात्रा फिर से शुरू करने के कुछ समय बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने यात्रियों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि घायल यात्री खतरे से बाहर हैं। फडणवीस ने कहा, ‘‘बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विदर्भ ट्रैवल्स की बस एक खंभे से टकरा गई और इसका डीजल टैंक फट गया, फिर उसमें आग लग गई।” उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए एक ‘स्मार्ट सिस्टम’ स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह ‘सिस्टम’ वाहनों की गति की जांच कर उन्हें सचेत करेगा। हालांकि, इसमें कुछ समय लगेगा। तब तक, हमें टोल बूथ पर वाहन चालकों के बीच जागरूकता पैदा करनी होगी कि रात में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।” उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। पहचान होने के बाद शव परिवारों को सौंप दिये जाएंगे। लेकिन, अगर किसी वजह से शिनाख्त नहीं हो पाती है, तो डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।”