2 वर्षों बाद होगा रावण दहन, हर्षोल्लास के मनाया जाएगा दशहरा

  • खरीदारी के लिए सज गया बाजार, नागरिकों में उत्साह का माहौल

Loading

वर्धा. इस बार दशहरे का त्योहार पाबंदीमुक्त रूप से मनाए जाने से सभी में उत्साह का माहौल बना हुआ है़ 2 वर्षों बाद रावण दहन का पारंपारिक कार्यक्रम होने जा रहा है़ यह मुहूर्त स्वर्णाभूषण खरीदी के लिए शुभ माना जाता है़ इससे सराफा बाजार समेत कपड़ा व अन्य बाजार में भी करोड़ों रुपए का  कारोबार होने की संभावना बन गई है़ इसके मद्देनजर शहर का बाजार सज गया है.

हिंदू संस्कृति में दशहरे के त्योहार का विशेष महत्व है़ भगवान राम  ने इस दिन रावण  का वध किया था. देवी दुर्गा नौ रात्रि एवं दस दिन के युद्ध के उपरान्त महिषासुर पर विजय प्राप्त की थी़ इसे असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाया जाता है़ इसलिये इस दशमी को ‘विजयादशमी’ के नाम से जाना जाता है़ इस दिन लोग शस्त्र-पूजा करते है और नया कार्य प्रारम्भ करते है़ रावण की प्रतीकात्मक प्रतिमा का दहन करके सोना (आपटे के पत्ते) देकर मैत्री भाव दृढ़ करने के लिए यह त्योहार मनाया जाता है. 

सोना खरीदी की ओर नागरिकों का रूझान

दशहरे के दिन सोने की खरीदी शुभ मानी जाती है़ इससे सराफा दूकानों में दशहरे के दिन भीड़ उमड़ती है़ स्थानिय ढोमणे ज्वेलर्स के संचालक अमोल ढोमणे ने कहा कि सोने के दाम इस वर्ष कम हो गए है़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का बाजार अस्थिर होने से आने वाले दिनों में रेट निश्चित ही बढ़ेगे़ बीते 1 दिन में सोने का रेट 1 हजार रुपयों से बढ़ गया़ इससे लोगों का सोना खरीदी की ओर रुझान बढ़ गया है.

बाजार में गेंदे के फूलों की आवक बढ़ी

दशहरे के दिन पूजा के लिए खासकर गेंदे के फूलों का उपयोग किया जाता है़ जिले के स्थानीय किसानों के साथ ही अन्य जिलों से गेंदे के फूलों की आवक बढ़ गई है़ फूल विक्रेता आनंद गायकवाड ने कहा कि, इस बार निरंतर बारिश के कारण स्थानीय किसानों के खेत में फूलों का उत्पादन काफी कम हुआ़  बाजार में फूलों का सर्वाधिक माल यह नाशिक से आ रहा है, जिससे दर ज्यादा नहीं बढ़े है़ गेंदे की बिक्री 100 रुपए प्रति किलो के दर से हो रही है.

महिला आश्रम मैदान पर विशेष कार्यक्रम

दशहरे पर शाम 6 बजे सेवाग्राम रोड स्थित महिला आश्रम वार्को मैदान पर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल की ओर से किया गया है़ कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज रहेंगे़ प्रमुख अतिथि के रूप में सांसद रामदास तड़स, विधायक पंकज भोयर, विहिंप नगर अध्यक्ष मिलिंद केदार, जिला मातृशक्ति संयोजिका अश्विनी जलताडे, दुर्गावाहिनी जिला संयोजक पल्लवी राऊत, विदर्भ प्रांत सह धर्म प्रसारक अटल पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील गफाट, जिप सदस्य नूतन राऊत, सचिन अग्निहोत्री, कमल कुलधरिया, पवन सिंघानिया, गोविंद भूत, प्रवीण हिवरे आदि उपस्थित रहेंगे़ नागरिकों को कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है.