Ajit Pawar Maratha reservation Manoj Jarange
डिप्टी CM अजित पवार और मनोज जरांगे (फाइल फोटो)

Loading

मुंबई. मराठा आरक्षण (Maratha Reservation) के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे (Manoj Jarange) ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) पर उनकी हत्या कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया। इसी बीच उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) ने जरांगे का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहे लोगों को वे क्या बोल रहे हैं उसका ध्यान रखना चाहिए।

पवार ने मुंबई में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “मराठा आरक्षण एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके लिए पूरी सरकार काम कर रही है। संविधान ने विरोध करने का अधिकार सभी को दिया है। लेकिन हमें ये ध्यान रखना चाहिए कि हम क्या कह रहे हैं और उसका तरीका क्या है। कुछ लोग संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी से बात करते समय गलत भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वास्तव में यह कौन कर रहा है? इसकी गहराई से जांच करने की जरूरत है।” उन्होंने कहा, “इससे पहले भी मराठा आरक्षण को लेकर कई लोग अनशन कर चुके हैं। मराठा आरक्षण के मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक दफा जालना गए और नवी मुंबई भी गए। राज्य की कानून-व्यवस्था अच्छी बनी रहे, सभी के बीच सौहार्द बना रहे और शांति बनी रहे इसके लिए मुख्यमंत्री दो बार प्रदर्शनकारियों से मिलने गए थे।”

कुछ भी  बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

पवार ने आगे कहा, “इससे पहले पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने मराठा आरक्षण पर फैसला लिया था। लेकिन ये आरक्षण कोर्ट में नहीं टिक सका। इसलिए अब मराठा आरक्षण पर बहुत बारीकी से काम किया जा रहा है। इसके बावजूद टिप्पणियां की जा रही है। मुख्यमंत्री के बारे में गलत भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। आप कुछ भी बोलेंगे तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम और कानून सभी के लिए समान हैं।”   

गलतफहमी पैदा न करें

पवार ने कहा, “बेवजह समाज में गलतफहमी पैदा करने की कोशिश न करें। हम मराठा आरक्षण को संरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे पास 72 फीसदी आरक्षण है। इसलिए इस पर बारीकी से काम करना जरूरी है। ‘रक्त संबंधियों’ के अधिसूचना पर साढ़े छह लाख आपत्तियां मिली हैं। इस पर काम किया जा रहा है। यह देखना जरूरी है कि आरक्षण की मांग कानून के दायरे में कैसे फिट होगी। सरकार अच्छा काम कर रही है।”