Newborn
प्रतीकात्मक तस्वीर ( फाइल फोटो)

Loading

कोच्चि: पुलिस ने शनिवार को कहा कि यहां एक सड़क पर मृत मिले बच्चे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसका गला घोंटा गया था। बच्चे को जन्म के बाद उसकी मां ने कथित तौर पर फ्लैट से सड़क पर नीचे फेंक दिया था। शहर के पुलिस आयुक्त एस श्यामसुंदर ने कहा कि 23 वर्षीय महिला की गिरफ्तारी शुक्रवार को की गई जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और पुलिस त्रिशूर निवासी उसके एक मित्र के संबंध में उसके बयानों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे की खोपड़ी को भी नुकसान पहुंचा। ऐसी आशंका है कि महिला यौन उत्पीड़न की शिकार हुई जिसने अपनी गर्भावस्था को छिपाया। उसने शुक्रवार तड़के अपने अपार्टमेंट के बाथरूम में एक बच्चे को जन्म दिया और फिर उसे कथित तौर पर अपने फ्लैट परिसर के सामने सड़क पर फेंक दिया। महिला ने त्रिशूर निवासी अपने दोस्त के बारे में उल्लेख किया जिससे पुलिस को उसका यौन उत्पीड़न किए जाने की आशंका हुई।

शहर पुलिस आयुक्त ने शनिवार को कहा कि उन्हें महिला के दावों को सत्यापित करने की आवश्यकता है। शुक्रवार को पार्सल कवर में नवजात शिशु के मृत पाए जाने के कुछ घंटे बाद पुलिस ने उस पैकेट पर लिखे पते के आधार पर महिला को हिरासत में ले लिया था। कोच्चि नगर निगम के कर्मियों को यहां पनमपिल्ली नगर में सड़क पर बच्चे का शव मिला था जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने कहा कि महिला ने स्वीकार किया है कि उसने शुक्रवार सुबह पांच-साढ़े पांच बजे के बीच अपने बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया और बाद में जब उसकी मां ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो वह घबरा गई और उसने बच्चे को फेंक दिया। बताया जाता है कि महिला के माता-पिता उसकी गर्भावस्था के बारे में अनजान थे। पुलिस ने कहा कि माता-पिता को उसके प्रसव के बारे में पता नहीं था क्योंकि यह बाथरूम के अंदर हुआ था, जिसे महिला ने अंदर से बंद कर लिया था। (एजेंसी)